-हरदा से भी पहुंचे कांग्रेस नेता
अनोखा तीर, हरदा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार भोपाल में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जंगी प्रदर्शन किया गया, जिसमें हरदा जिले से जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं के नेतृत्व में कांग्रेस नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर वोट चोरी की जा रही है। देश में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम एसआईआर के जरिए काट दिए गए हैं। आज देश में चोरी की गई सरकार है, यह एक तरह से लोकतंत्र की हत्या है। ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का केस दर्ज होना चाहिए, इसे तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए और देश के 13 करोड़ मतदाताओं के नाम तत्काल वोटर लिस्ट में जोड़े जाने चाहिए। देश के प्रधानमंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। अलोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार देश के हर वर्ग का शोषण कर रही है, चाहे किसान हो, गरीब हो, छात्र हो या मध्यम वर्गीय व्यापारी हो, हर वर्ग परेशान है। कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी विगत 3 वर्षों से हर मंच पर वोट चोरी का मुद्दा उठाते आ रहे हैं। चुनाव आयोग को बचाने के लिए प्रधानमंत्री ने 2023 में कानून बदला कि चुनाव आयोग पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हो सकता। इसका मतलब देश की जनता समझना चाहती है कि ऐसा कानून क्यों बनाया गया, चुनाव आयोग को खुली छूट दी गई वोट चोरी करने की। ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 30 सितंबर को पूरे प्रदेश में वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तीनों के पुतले जलाने के निर्देश दिए हैं। हरदा जिला मुख्यालय पर भी 30 सितंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। आज भोपाल कार्यक्रम में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले, पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार, जिला उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, जिला संगठन महासचिव गोविंद सूरमा, हरदा ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास, जिला कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह कुशवाह, उमाशंकर बिश्नोई, सतीश खोड, अभिषेक जानी, अमीर पटेल, गगन अग्रवाल, गोविंदा कुचबंदिया सहित अन्य साथी शामिल हुए।





