‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार से नागरिकों को मिलेगा शासकीय योजनाओं का लाभ

-3 अक्टूबर को विकासखंड एवं 4 अक्टूबर को नगरीय निकायों में लगेंगे जनसेवा शिविर
अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश में नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार का आयोजन किया जाएगा। राजस्व विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभियान के तहत मेगा शिविर 3 अक्टूबर को सभी विकासखंड मुख्यालयों पर और 4 अक्टूबर को नगरीय निकायों के वार्ड/जोन स्तर पर आयोजित होंगे। शिविरों का आयोजन प्रात: 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर कैम्प के आयोजन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा नगरीय क्षेत्र हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभारी अधिकारी होंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की समस्त फ्लैगशिप हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा राजस्व विभाग की नागरिक सेवाओं का लाभ मौके पर ही स्वीकृत/प्रदाय किया जाएगा। इस अभियान को ‘जन-विश्वास अभियान के साथ भी संबद्ध किया गया है, ताकि जनता के बीच सुशासन और प्रशासनिक जवाबदेही के प्रति विश्वास का सेतु स्थापित हो सके
इन योजनाओं का मिलेगा लाभ
शिविर में राजस्व विभाग की स्वामित्व योजना, फार्मर आईडी, नामांतरण-बंटवारा, आय-निवास प्रमाण पत्र के साथ-साथ पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम आवास, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, केसीसी, जल जीवन मिशन, जन धन, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, कन्या विवाह, पेंशन योजनाएं सहित 18 से अधिक विभागों की 50 से ज्यादा योजनाओं का मौके पर लाभ दिया जाएगा। आदिवासी जिलों के लिए सिकल सेल मिशन, वनाधिकार जैसे अतिरिक्त फोकस भी रहेंगे।

0 Views

Leave a Reply