किसानों की फसल विक्रय के भुगतान के लिए बैंक से निकाले गया था पैसे।
तरुण मेहरा, सेमरी हरचंद। सोहागपुर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित कैनरा बैंक के सामने खड़ी एक ब्लैक थार गाड़ी से 5 लाख 50 हजार रुपये नगद चोरी होने का सनसनीखेज मामला गुरुवार दोपहर सामने आया। चोरी गए रुपये सेमरी हरचंद के अनाज व्यापारी पराग शर्मा के थे जिनका मुनीम जो किसानों को फसल भुगतान करने के लिए बैंक से निकाले गया था अनाज व्यापारी का मुनीम तिलक मालवीय, निवासी सेमरी हरचंद ने बताया पहले वह एसबीआई बैंक और इसके बाद कैनरा बैंक पहुंचा था। वह नगदी, चेकबुक एवं सील से भरा थैला थार गाड़ी में ही छोड़कर बैंक के अंदर चला गया। जल्दबाजी में वह गाड़ी का दरवाजा लॉक करना भूल गया। इसी का फायदा उठाकर एक अज्ञात चोर रुपयों से भरा थैला लेकर फरार हो गया। जब मुनीम वापस गाड़ी के पास लौटा तो बैग गायब देख उसके होश उड़ गए। अनाज व्यापारी पराग शर्मा से बात करने पर उन्होंने बताया कि फसल खरीदी का पेमेंट किसानों को रोज करना रहता है इसलिए लड़का पैसे निकालना सोहागपुर बैंक पहुंचा था केनरा बैंक के सामने गाड़ी खड़ी कर वह बैंक के अंदर गया था सीसीटीवी फुटेज में एक महिला नजर आ रही है जिसने गाड़ी में से निकाल कर पैसे का थैला ले गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल रायकवार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक महिला थार गाड़ी के आसपास संदिग्ध रूप से घूमती नजर आई, जिस पर पुलिस को चोरी में संलिप्तता का संदेह है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस संदिग्ध महिला की शिनाख्त व गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सघन जांच में जुटी हुई है।

