– गडरिया नाला फोर लेन ब्रिज के पास शहर प्रवेश की कलाकृतियां क्षतिग्रस्त
अनोखा तीर, बुधनी। शहर को आकर्षक रूप देने के उद्देश्य से मुख्य मार्गों, चौराहों और फुटपाथों पर लाल पत्थरों से किया गया सौंदर्यीकरण अब असामाजिक तत्वों की नजर में आ गया है। शहर प्रवेश क्षेत्र-गडरिया नाला फोर लेन ब्रिज के पास बनी रोटरी तथा आसपास लगाई गई लाल पत्थर की आकृतियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इससे जहां शहर की सुंदरता बिगड़ रही है, वहीं मजबूत पत्थर की कलाकृतियां भी नुकसान झेल रही हैं। बुधनी नगर के अन्य इलाकों में भी कई स्थानों पर ऐसी तोड़फोड़ देखने को मिली है। इससे नागरिकों में नाराज़गी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर को सुंदर बनाने के लिए बड़े प्रयास किए गए थे, लेकिन कुछ शरारती तत्व इन प्रयासों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। निवासियों ने प्रशासन से सख्त निगरानी रखने व दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके और शहर की पहचान बनी रहे। लोगों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं और नगर की छवि धूमिल हो सकती है। प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए क्षतिग्रस्त संरचनाओं की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Views Today: 10
Total Views: 10

