Skip to content
Friday, 6 November 2026
हरदा

हरिपुरा गौशाला में गोवर्धन पूजा एवं गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार वितरण समारोह

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार दीपावली के अवसर पर प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में हरदा जिले में 9 नवंबर को गुप्तेश्वर गौशाला समिति, हरिपुरा, चारुवा, विकासखंड खिरकिया में गोवर्धन पूजा एवं गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि कार्यक्रम में गोवर्धन पूजा एवं गौ पूजन के साथ उपस्थित नागरिकों द्वारा गोग्रास अर्पित किया जाएगा। साथ ही गौशाला में सेवाएं दे रहे गौसेवकों का सम्मान भी किया जाएगा। समारोह के दौरान गोमय एवं पंचगव्य से निर्मित उत्पादों के महत्व और उपयोगिता पर संगोष्ठी एवं वक्तव्य आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जिले के वृंदावन ग्रामों में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में चयनित पशुपालकों को सम्मानित कर प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत वृंदावन ग्राम सोडलपुर एवं मगरधा में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य गौवंश संरक्षण, संवर्धन, गौसेवा तथा पशुपालन को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में गौ आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply