मेरे पास पद नहीं तो क्या हुआ, लेकिन जनता का प्यार मेरे साथ है : शिवराज

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, भैरूंदा। आगामी एक सप्ताह में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीएम निवास को छोड़कर 74 बंगला स्थित अपने निवास पर पहुंच जाएंगे। इससे पूर्व उन्होंने शनिवार को बुदनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा मंडल के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर कहा कि आपने जो प्रेम और स्नेह मुझे दिया है वह अद्भुत है, मैं इसे टूटने नहीं दूंगा। मैं जब कुछ नहीं था जब बुदनी की जनता ने मुझे हाथों की पालकी बनाकर बैठाया था। मैं बुदनी के निवासियों का स्वाभिमान और अभियान हूूं, जिसे मैं कभी कम नहीं होने दूंगा। मेरे पास पद नहीं हैं तो क्या हुआ, लेकिन प्रदेश की जनता का प्यार मेरे साथ है। मैं अभी तक जहां भी गया हूं वहां बहनें मुझसे लिपटकर रो रही हैं और कह रही हैं कि भैय्या अब क्या होगा। लेकिन मैंने हमेशा ही कहा है कि मेरा यह प्यार केवल मुख्यमंत्री बनने तक ही नहीं था, प्रदेश की जनता से भाई-बहन का रिश्ता पहले भी था और आगे भी जीवनभर कायम रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बुदनी विधानसभा ही नहीं संपूर्ण मप्र के परिणाम अभूतपूर्व आए हैं, जिसका पूरा श्रेय मैं बुदनी विस के कार्यकर्ताओं को देता हूं। क्योंकि आप लोगों ने ही मुझे प्रचार करने के लिए कौने-कौने में भेजा। विधानसभा क्षेत्र की कमान पूरी मजबूती के साथ आपने संभाली। मैं तो सिर्फ अंतिम दिन वोट डालने आया। यदि मैं दो या तीन दिन बुदनी विधानसभा में बीता देता तो शायद कई विधानसभाओं में नहीं पहुंच पाता। तो प्रदेश में विशाल रिकॉर्ड खड़ा नहीं हो पाता। मैं यह भी कहता हूं कि मुझे चार-पांच दिन और मिल जाते तो प्रदेश में 200 के पार सीट पहुंच जाती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारे रिश्ते कार्यकर्ता और जनता के नहीं हैं। यह प्रेम, स्नेह, आत्मीयता और परिवार के रिश्ते हैं। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि बुदनी की जनता को कोई तकलीफ ना हो। विकास के रास्ते में कोई रूकावट ना आये। इसके लिए मेरा प्रयास लगातार रहेगा। यदि कोई दिक्कत आती है तो हम सब मिलकर रास्ता खोजेंगे। श्री सिंह ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में बुदनी से विराट और विशाल बहुमत मिला। यदि हम प्रतिशत से चले तो हमारी विधानसभा प्रदेश में सर्वाधिक मतों से जीतने वाली विधानसभा है।

बस चलतें ही जाना है…

शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर कहा कि मैं कितना सौभाग्यशाली हूं कि मुझे बहनों का आर्शीवाद मिल रहा है। जिससे मुझे लगातार ऊर्जा मिल रही है। मेरा सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि हमें रूकना नहीं है, थकना नहीं है, बस चलते ही जाना है। बुदनी में विकास का सफर भी लगातार जारी रहेगा और मैं समय-समय पर विधानसभा क्षेत्र में ही संवाद करने जनता के बीच पहुंचुंगा।

Views Today: 2

Total Views: 172

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!