अनोखा तीर, सीहोर। थाना पार्वती पुलिस ने सूने मकान से मेथी एवं धनिया के बोरे चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल एवं वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत तथा एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हरि सिंह परमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार थाना पार्वती क्षेत्र के एक सूने मकान से अज्ञात चोर पिकअप वाहन की मदद से मेथी एवं धनिया के बोरे चोरी कर ले गए थे। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर नवाब पिता रमजान खां (42) एवं इरशाद पिता कासम खां (19), निवासी काटाफोड़, जिला देवास को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए मेथी एवं धनिया के बोरे तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में एएसआई हिरेश सोनी, प्रधान आरक्षक दिनेश सिसोदिया, चंद्रभान सेन, चंद्रभान परमार तथा आरक्षक नितिन वर्मा और गौरीशंकर की सराहनीय भूमिका रही।
सूने मकान से मेथी-धनिया चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0 Views




