Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

स्कूल वाहन की लापरवाही से 4 वर्षीय छात्रा की मौत

2 min read
Text Size:

-परिजनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की

अनोखा तीर, हरदा। करताना स्थित महाराणा प्रताप प्राइवेट स्कूल के वाहन चालक और स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही के कारण गोगिया निवासी 4 वर्षीय मासूम छात्रा शिवांगी पिता राकेश जाट की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और क्षेत्रवासियों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार शिवांगी महाराणा प्रताप प्राइवेट स्कूल में नर्सरी की छात्रा थी। स्कूल से घर लौटते समय स्कूल वाहन की लापरवाही के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।  परिजनों का आरोप है कि वाहन चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था और साथ ही मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी वजह से उसका ध्यान भटका और हादसा हो गया। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद बताए जा रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन पर भी लगे गंभीर आरोप
शिकायत में कहा गया है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा वाहन संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा था। बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था, निगरानी और परिवहन नियमों की अनदेखी की गई।
प्रशासन से की मांगें
चालक पर कार्यवाही : स्कूल वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
स्कूल की जांच : महाराणा प्रताप स्कूल प्रबंधन की गहन जांच कर लापरवाही पाए जाने पर संचालक और जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो।
वाहनों की फिटनेस जांच : जिले के सभी निजी स्कूल वाहनों की फिटनेस, क्षमता, चालक की पात्रता और सुरक्षा उपकरणों की विशेष जांच कराई जाए।
आर्थिक सहायता : पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता और न्याय दिलाया जाए।
परिजनों ने कहा कि हमारी मासूम तो नहीं रही, लेकिन अगर अब भी दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कल किसी और बच्चे के साथ ऐसा हादसा हो सकता है। इसे सिर्फ दुर्घटना मानकर नजरअंदाज न किया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4 Views
What do you think?

Leave a Reply