Skip to content
Friday, 9 October 2026
सीहोर

बुजुर्ग की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, पोता गिरफ्तार

2 min read

अनोखा तीर, सीहोर। थाना बिलकिसगंज पुलिस ने 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का 24 घंटे में खुलासा करते हुए उसके पोते को गिरफ्तार किया है। ग्राम खुटिया खेड़ी में 6 अगस्त को खेत पर बने मकान से हरिनारायण वर्मा का शव मिला था। उनके मुंह और गले पर चोट के निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और विवेचना के लिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और बयानों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान मृतक के पोते सुमित वर्मा पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास सामने आया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो सुमित ने दादा की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
रोक-टोक से नाराज था पोता
पुलिस के अनुसार दादा द्वारा व्यक्तिगत मामलों में रोक-टोक करने और परिजनों को जानकारी देने का दबाव बनाने से सुमित नाराज था। घटना वाले दिन दादा को अकेला पाकर उसने उनका गला दबा दिया। इसके बाद शव को खाट पर लिटाकर कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। बाद में वह परिजनों के साथ दादा को तलाशने का नाटक करता रहा।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी सुमित वर्मा पिता महेश वर्मा, उम्र 26 वर्ष, निवासी खुटियाखेड़ी को गिरफ्तार कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
प्रकरण की कार्रवाई एसडीओपी सीहोर पूजा शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। मामले के त्वरित खुलासे में सहायक उपनिरीक्षक देवीप्रसाद सेनी, श्यामलाल वर्मा, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, तेजपाल, अशोक यादव तथा आरक्षक अरुण, संतोष, अंकित, प्रमोद और कुलदीप की सराहनीय भूमिका रही।

16 Views

Leave a Reply