साइबर अपराध के लिए म्यूल बैंक खाते खुलवाने वाला आरोपी गिरफ्तार

-सीहोर पुलिस ने लाखों के अवैध ट्रांजेक्शन का किया खुलासा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
अनोखा तीर, सीहोर। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीहोर पुलिस ने म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों के रुपयों का ट्रांजेक्शन कराने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को रुपयों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और पासबुक, एटीएम, ई-बैंकिंग सहित अन्य जानकारी अपने पास रख लेता था। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदना शर्मा के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए सुंदर लाल अहिरवार पिता तुलसीराम अहिरवार, उम्र 47 वर्ष, निवासी संजय कॉलोनी, मंडी सीहोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक व्यक्ति को रुपयों का लालच देकर उसके नाम पर महाराष्ट्र बैंक में खाता खुलवाया था। इसके बाद पासबुक, एटीएम, ई-बैंकिंग एवं पासवर्ड आदि अपने पास रख लिए। अन्य स्थानों से शिकायतें प्राप्त होने पर साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से खाते पर ब्लॉक एवं होल्ड लगाया गया। इसके बाद खाताधारक को जानकारी हुई कि उसके खाते में 2 लाख 18 हजार 800 रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किए जाने पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में अब तक उक्त म्यूल अकाउंट में कुल 4 लाख 93 हजार 600 रुपए का ट्रांजेक्शन होना पाया गया है। पुलिस द्वारा अन्य ट्रांजेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस को इस मामले में अन्य आरोपियों और हैंडलरों के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते उनकी तलाश में दबिश एवं अन्य कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार उक्त म्यूल अकाउंट के विरुद्ध हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, दिल्ली, तमिलनाडु और उत्तरप्रदेश में भी शिकायतें दर्ज हैं। सीहोर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर या पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड या नेट बैंकिंग की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न सौंपें। ऐसा करना व्यक्ति को साइबर अपराध में म्यूल अकाउंट होल्डर के रूप में फंसा सकता है।

0 Views

Leave a Reply