-तीन दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं पहुंच रही स्कूल बसें
-एसडीएम ने बच्चों की सुनी समस्या
अनोखा तीर, खिरकिया। संदीपनी विद्यालय के विद्यार्थियों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए शासन द्वारा संचालित बस सेवा पिछले तीन दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं पहुंचने के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा बाधित होने से कई विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। समस्या से परेशान अभिभावक बुधवार को बच्चों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और बस संचालन में आ रही समस्या की शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार संदीपनी विद्यालय में ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 300 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन विद्यार्थियों के आवागमन के लिए शासन की ओर से बस सेवा उपलब्ध कराई गई है। अभिभावकों का आरोप है कि बस संचालक की लापरवाही के चलते पिछले तीन दिनों से पड़वा, कॉलधड़, छीपाबड़ और खेड़ा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में बसें बच्चों को लेने नहीं पहुंच रही हैं। इसके चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावकों ने बताया कि बस सेवा में अनियमितता की समस्या पिछले करीब चार माह से बनी हुई है। कई बार परेशानी सामने आने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से अब स्थिति गंभीर हो गई है। बस समय पर नहीं पहुंचने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है और कई बार उन्हें स्कूल से अनुपस्थित रहना पड़ता है। शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रशासन से बस सेवा नियमित रूप से संचालित कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
एसडीएम ने बच्चों की सुनी समस्या
एसडीएम ने कार्यालय पहुंचे विद्यार्थियों से उनकी समस्या जानी और बस सेवा बाधित होने के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी लेकर विद्यार्थियों की परिवहन सुविधा को सुचारु कराने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों ने भी अपनी परेशानी प्रशासन के सामने रखी और नियमित बस सेवा उपलब्ध कराने की मांग की। अभिभावकों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए बस सेवा का नियमित और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।



