-सहकारी बैंकों और पैक्स के कामकाज की करेंगे समीक्षा
अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जाने के निर्णय के तहत मप्र राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव गुरुवार 13 अगस्त को हरदा पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 5 बजे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित की मुख्य शाखा हरदा में बैंक अधिकारियों और बैंक से संबद्ध पैक्स समितियों के प्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में जिले की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों से जोड़कर शासन की किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाना है।
केसीसी और फसल ऋण पर रहेगा फोकस
समीक्षा बैठक में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसी) उपलब्ध कराने, अल्पकालीन फसल ऋण वितरण, खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण, कृषि उपज के भंडारण, डिजिटल लेनदेन और पैक्स समितियों के सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा होगी। किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से ऋण उपलब्ध कराने की स्थिति की भी जानकारी ली जाएगी। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं की जमीनी स्थिति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। समितियों के कामकाज में आने वाली समस्याओं और उनके निराकरण को लेकर भी बैठक में चर्चा होने की संभावना है।
शाम को भाजपा कार्यालय में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात
समीक्षा बैठक के बाद यादव शाम 6.30 बजे भाजपा कार्यालय हरदा पहुंचेंगे, जहां वे जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से भेंट करेंगे। उनके दौरे को जिले की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को सहकारिता के माध्यम से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कृषक कल्याण वर्ष के तहत सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र को कृषि व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में अपेक्स बैंक प्रशासक की समीक्षा बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों और अधिकारियों को दिए जाने वाले निर्देशों पर किसानों और सहकारी समितियों की नजर रहेगी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों को बैठक की तैयारियां पूरी करने तथा जिले की सभी संबंधित पैक्स समितियों के प्रतिनिधियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



