अनोखा तीर, टिमरनी। स्थानीय यादव गार्डन स्थित राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह महाविद्यालयीन बालक छात्रावास में 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एवं छात्रावास दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्षद सुनील दुबे ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक शिवप्रसाद धुर्वे एवं अधीक्षक रितेश परमार ने शासन द्वारा विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश इवने ने कहा कि, छात्रावास केवल रहने की जगह नहीं है, यह संस्कारों की पाठशाला है। यहाँ एक साथ रहना, एक-दूसरे का सम्मान करना, अनुशासन और संघर्ष करना सीखते हैं। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा छात्रावास को खेल सामग्री भेंट की गई तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन अनुरोध कुमरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन, प्री-मैट्रिक एवं उत्कृष्ट सहित चारों बालक छात्रावासों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया







