-हर माह सामूहिक रूप से मनाते हैं बच्चों का जन्मदिन
अनोखा तीर, हरदा। डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा के बालक छात्रावास में बच्चों के जन्मदिन को खास बनाने के लिए सराहनीय पहल की जा रही है। छात्रावास में प्रत्येक माह जिन विद्यार्थियों का जन्मदिन आता है, उन सभी का जन्मोत्सव महीने के अंतिम दिन एक साथ बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस आयोजन की विशेषता यह है कि बच्चों के साथ किसी वरिष्ठ समाजसेवी, अधिकारी अथवा गणमान्य व्यक्ति को भी जन्मोत्सव में शामिल किया जाता है। इससे विद्यार्थियों को वरिष्ठजनों के साथ समय बिताने, उनके अनुभव जानने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। इसी क्रम में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षिका मनोरमा सोनी को भी शामिल किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने सामूहिक रूप से जन्मदिन की खुशियां मनाईं। जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र रघुवंशी एवं संस्था के प्राचार्य एस.के. यादव ने छात्रावास की इस पहल की सराहना की। उन्होंने इसे विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, भाईचारा और पारिवारिक अपनत्व की भावना विकसित करने वाला प्रयास बताया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन छात्रावास वार्डन पुरुषोत्तम राठौर ने किया। छात्रावास की यह पहल बच्चों के जीवन में खुशियां बांटने के साथ ही उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का अच्छा माध्यम बन रही है।







