Skip to content
Monday, 2 November 2026
हरदा

शतरंज की बिसात पर 90 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

3 min read
14 1
Text Size:

-वैभव तोमर ओपन वर्ग में रहे प्रथम
-मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन का 17वां टूर्नामेंट आयोजित
-अंडर-14 में वेदांत मालवीय ने मारी बाजी, 38 खिलाड़ियों को मिला पुरस्कार

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन, हरदा द्वारा रविवार को स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 17वें जिला स्तरीय शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों के कुल 90 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता, रणनीतिक सोच और एकाग्रता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग के 50 और ओपन वर्ग के 40 खिलाड़ियों ने शतरंज की बिसात पर अपनी चालों से मुकाबलों को रोमांचक बनाया।
शतरंज केवल खेल नहीं, सोचने और निर्णय लेने की कला : आलोक जैन
कार्यक्रम में एसोसिएशन अध्यक्ष आलोक जैन ने शतरंज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं, बल्कि दिमाग को सक्रिय रखने, एकाग्रता बढ़ाने और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। यह खेल बच्चों को धैर्य, अनुशासन, दूरदर्शिता और रणनीति बनाना सिखाता है। शतरंज की प्रत्येक चाल हमें सोच-समझकर आगे बढ़ने की सीख देती है। हार और जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना ही खिलाड़ी की वास्तविक सफलता है। उन्होंने कहा कि जिले में शतरंज की प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने और नई पीढ़ी को इस खेल से जोड़ने के उद्देश्य से एसोसिएशन निरंतर प्रयास कर रही है।
ओपन वर्ग में वैभव तोमर ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में वैभव तोमर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। अक्षय तोमर द्वितीय और युवराज जायसवाल तृतीय स्थान पर रहे। इस वर्ग में कुल 23 खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
अंडर-14 में वेदांत कुमार मालवीय प्रथम
14 वर्ष से कम आयु वर्ग में वेदांत कुमार मालवीय ने प्रथम स्थान हासिल किया। आर्यन सोलंकी द्वितीय और रियांश श्रीमाली तृतीय स्थान पर रहे। इस वर्ग में कुल 15 खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त अंडर-18 वर्ग में अर्पित गुप्ता, अंडर-16 वर्ग में रंजीत चौहान, बेस्ट हरदा खिलाड़ी का पुरस्कार यश पचौरी तथा बेस्ट वेटरन का विशेष पुरस्कार दिलीप शर्मा को प्रदान किया गया।
महाविद्यालय और सहयोगियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश गौर, प्रशासनिक अधिकारी व्ही.के. विछोतिया, शैलेन्द्र रघुवंशी, बालमुकुंद गौर, सिद्धार्थ जैन एवं 4 टाइम पेंट्स, हरदा का विशेष सहयोग रहा।  वहीं महाविद्यालय की ओर से डॉ. सावेंद्र पटेल, डॉ. आशा गायकवाड़ (एनएसएस प्रभारी), कन्हैयालाल मालवीय एवं हरिहर लाभनिया ने आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन में सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजक समिति ने सभी सहयोगियों का सम्मान करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
पदाधिकारियों, अभिभावकों और खिलाड़ियों की रही सहभागिता
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक जैन, मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी, कोषाध्यक्ष सत्यम बंसल, सचिव मनमोहन कुशवाह, सह-सचिव गणेश पटेल, दिनेश पाटिल, तोमर, अक्षय तोमर, रघुवंशी सहित खिलाड़ियों के अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी ने अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, महाविद्यालय प्रबंधन एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply