अनोखा तीर, हरदा। राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह महाविद्यालयीन बालक छात्रावास हरदा में 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एवं छात्रावास दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पालक समिति के अध्यक्ष दिनेश धुर्वे ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक शंभूदयाल पनागरे ने शासन द्वारा विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। छात्रावास की छात्र समिति के अध्यक्ष बाबूलाल उइके ने कहा कि छात्रावास केवल रहने की जगह नहीं है, यह संस्कारों की पाठशाला है। यहां एक साथ रहना, एक-दूसरे का सम्मान करना, अनुशासन और संघर्ष करना सीखते हैं। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा छात्रावास दिवस पर आयोजित खेल प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में सहभोज भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन विनोद चौहान एवं आभार प्रदर्शन विष्णु उइके द्वारा किया गया। इस दौरान छात्रावास के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एवं छात्रावास दिवस हर्षोल्लास से मनाया







