Skip to content
Monday, 2 November 2026
भोपाल

रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन..

2 min read
Text Size:

.-सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ के बीच 3 नवंबर को होगा सीआरएस निरीक्षण
-13 किलोमीटर लंबे नए रेलखंड पर मोटर ट्रॉली से जांच के बाद होगा स्पीड ट्रायल
-सुबह 8 से शाम 7 बजे तक लोगों को सतर्क रहने की अपील
अनोखा तीर, भोपाल। रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना के तहत एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा होने जा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में नवनिर्मित सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ रेलखंड का 3 नवंबर 2026 को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। करीब 13 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड का निरीक्षण यात्री ट्रेनों के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रेलवे के अनुसार, रेल संरक्षा आयुक्त, मध्य वृत्त मुंबई निरीक्षण दल के साथ नरसिंहगढ़ स्टेशन पहुंचेंगे। यहां अधिकारियों के साथ बैठक कर रेलखंड से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की जाएगी। इसके बाद नरसिंहगढ़ से सोनकच्छ के बीच मोटर ट्रॉली से रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण होगा। निरीक्षण के दौरान रेलपथ, पुल-पुलियों, समपार फाटकों, स्टेशन की व्यवस्थाओं, विद्युत एवं सिग्नलिंग प्रणाली सहित सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की जाएगी। इसके बाद निरीक्षण विशेष ट्रेन के माध्यम से सोनकच्छ से नरसिंहगढ़ के बीच स्पीड ट्रायल किया जाएगा।
11 घंटे तक रहेगा विशेष सतर्कता का समय
रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण और रेलखंड की कमिशनिंग को देखते हुए 3 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ सेक्शन में ट्रेनों का आवागमन त्वरित गति से होगा। रेलवे प्रशासन ने रेल लाइन के आसपास रहने वाले नागरिकों, विशेषकर नए ट्रैक के नजदीक रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। रेलवे ने लोगों से रेलपथ से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, ट्रैक पर नहीं जाने और आसपास किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक भोपाल पंकज त्यागी सहित भोपाल मंडल और निर्माण संगठन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। सीआरएस निरीक्षण और स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद इस रेलखंड को यात्री परिचालन के लिए तैयार करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया का रास्ता खुलेगा।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply