कांग्रेस शासित राज्यो की नाकामियों के आंकड़े एमपी के नाम मढ़ देती हैं प्रियंका – शिवराज सिंह चौहान

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

भोपाल- मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रदेश भर में चुनावी दौरों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भी सीएम शिवराज ने 8 विधानसभाओं में जनता जनार्दन से संवाद किया और भाजपा के पक्ष में अपने मत का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में तेंदूखेड़ा, गोटेगांव, अमरवाड़ा, नरयावली, सिलवानी और सांची में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। साथ ही सागर और रायसेन में देर तक रोड शो कर जनता से विजयी आशीर्वाद मांगा। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रियंका और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, दोनों भाई-बहन लगातार झूठ बोल रहे हैं और इस कदर झूठ बोल रहे हैं कि, कांग्रेस शासित प्रदेशों की नाकामियां और घपले-घोटाले दूसरे राज्यों की सरकारों पर मढ देते हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रियंका गांधी मैं आपसे फिर एक सवाल पूछना चाहता हूं आपके नेता कभी कर्मचारी, अधिकारी को धमकाते हैं, कभी बहनों को धमकाते हैं, कहते हैं घर में चूल्हा नहीं जलने देंगे। क्या आप बच्चों को भूखा मार देंगे? ये धमकी जो कांग्रेस दे रही है क्या वो मैडम सोनिया गांधी के इशारे पर दे रही है? जवाब तो देना पड़ेगा प्रियंका। आपके नेता बहनों से कहते हैं कि, लाड़ली बहना का पैसा नहीं मिलेगा। आपकी सरकार ने ही तो योजनाओं का पैसा बंद करने का पाप किया था। बैगा, भारिया, सहरिया बहनों के खाते में 1000 रूपए जाते थे, आपकी सरकार आते ही आपने बंद कर दिए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये गांधी परिवार किस मुंह से भ्रष्टाचार की बात करता है। 2जी घोटाला, 3जी घोटाला, 4जी घोटाला, जीजा घोटाला किसने किया, क्या दुनिया नहीं जानती? जो लोग जमानत पर चल रहे हैं, वह भ्रष्टाचार के आरोप किस मुंह से लगा रहे हैं। जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें है वो भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। छत्तीसगढ़ में सट्टेबाज, वहां की कांग्रेस सरकार के खिलाफ नाम लेकर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा प्रियंका महिला अपराध में कांग्रेस शासित प्रदेश सबसे आगे हैं वहीं महिलाओं के साथ दुष्कर्म ज्यादा होते हैं और आप मध्यप्रदेश का नाम मढ़ देती हो। उन्होंने कहा कि, प्रियंका क्या आप भूल गई कि, जब एमपी में 15 महीने का शासन कांग्रेस का था तब कितने घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार हुए? क्या आप भूल गई, जब दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे तब बंटाढार मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था। केवल भ्रष्टाचार ही नहीं, आप तो इतना झूठ बोलती हैं कि, झूठ बोलने के लिए बार-बार याद करना पड़ता है। कई बार झूठ बोलकर भी भूल जाती है। सच तो सच होता है उसे याद नहीं करना पड़ता है। प्रियंका आपको एमएसपी कितनी देंगे, कितनी बढ़ाएंगे ये भी याद नहीं रहता। कभी कागज पढ़ती हो, कभी भूल जाती हो आपको तो रटना पड़ता है, तब आप दिखा पाती है और बता पाती है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये कांग्रेसी बड़े ही मायावी है, इनके जाल में मत फंसना। उन्होंने एक कहानी सुनाते हुए कहा कि, एक जंगल में एक शिकारी रोज आकर दाना डालता था, जाल बिछाता था और पक्षियों को पकड़ कर ले जाता था। ये कांग्रेसी भी आएंगे, प्रलोभन देंगे, जाल बिछाएंगे लेकिन इनके जाल में मत फंसना। सवा साल में कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया था। सभी जनकल्याणकारी योजनाओं पर ताला जाल दिया था। संबल योजना, तीर्थ दर्शन योजना, गरीब आदिवासी बहनों के पैसे और यहां तक की मेधावी बच्चों के लैपटॉप तक बंद दिए थे। इसलिए कांग्रेस से सावधान रहना और इनके झांसे में मत आना।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस का जिनसे गठबंधन हुआ है वह समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश कहते हैं कि, काँग्रेस बहुत ही चालू पार्टी है। कांग्रेस ने हमें धोखा दिया यह दगाबाज पार्टी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस जनकल्याणकारी योजना बंद करने वाली पार्टी है और अब तो कांग्रेस कपड़ा फाड़ पार्टी हो गई है। दिग्विजय सिंह और कमलनाथ एक दूसरे के कपड़े फड़वा रहे हैं। कांग्रेस ऐसी चक्की हो गई है कि जिसके दो पाट हो गए हैं। एक कमलनाथ का पाट और दूसरा दिग्विजय सिंह का पाट, इन दोनों पाटों के बीच में जनता पिस रही है और कांग्रेसी पिस रहे हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा में बहनों से संवाद करते हुए कहा कि, मेरी बहनाओं 10 तारीख को इस बार धनतेरस है, इसलिए मैंने तय किया कि, धनतेरस से पहले ही तुम्हारे खाते में खुशियों की किश्त आ जाए। तुम्हारे खाते में पैसा आना शुरु हो जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि, ये कमलनाथ, नकुलनाथ, कपटनाथ, कलंकनाथ कह रहे थे कि, बहनों के खाते में पैसा नहीं आएगा, केवल चुनाव तक ही आएगा। ये कोई धोखेबाज कांग्रेस थोड़ी है, यह तो शिवराज सिंह चौहान का वचन है। दुनिया की कोई ताकत लाड़ली बहनों का पैसा बंद नहीं कर सकती। सीएम ने कहा कि, लाड़ली बहना योजना का पैसा अभी भी आ रहा है, धनतेरस के पहले भी आएगा और न केवल लगातार आता रहेगा। बल्कि 1250 से बढ़ाकर उसे 3000 तक ले जाएंगे, यह हमारी गारंटी है। धनतेरस पर खूब खरीदी करो, दीपावली मनाओ और भाई दूज मनाओ। तुम्हारा भाई कभी तुम्हारे हिस्से में तकलीफ नहीं आने देगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तेंदुखेड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान ऐसा दृश्य देखने को मिला जब भाजपा कार्यकर्ताओं सहित सभा में उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री की अपील पर भाजपा प्रत्याशी विश्वनाथ सिंह को चुनाव लड़ने के लिए आर्थिक जनसहयोग देने लगे। दरअसल सभा के दौरान सीएम शिवराज ने जनता से अपील करते हुए कहा कि, हमारे प्रत्याशी गरीब है जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी बाहुबली और धनबल से मजबूत हैं और हमें मुलायम भैया को आर्थिक जनसहयोग देकर चुनाव लड़वाना है। भरी सभा में मंच से मुख्यमंत्री की अपील के बाद मंच पर खड़े नेताओं ने प्रत्याशी के लिए आर्थिक सहयोग दिया और इसके बाद सभा में उपस्थित बहनों, बुजुर्गों ने मुलायम भैया को आर्थिक जनसहयोग देना शुरू किया। प्लास्टिक की थैली पकड़े भाजपा प्रत्याशी मुलायम भैया को बहनों एवं कार्यकर्ताओं ने 10-10, 20-20, 50,100 के नोट दिए। जनता जनार्दन ने भी आशीर्वाद देते हुए भाजपा प्रत्याशी के लिए पैसे इकट्ठे किए। देखते ही देखते भाजपा प्रत्याशी के हाथों में जनसहयोग की झोली भर गई।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार चुनावी दौरों के चलते पूरे प्रदेश का भ्रमण कर रहें हैं। सीएम शिवराज जहां भी जाते हैं, बहनें पलक पावड़े बिछाए उनका स्वागत करती हैं, तो बच्चे मामा कहकर उनपर फूल बरसाते हैं। मंगलवार को भी शिवराज सिंह चौहान ने तेंदूखेड़ा में भाजपा प्रत्याशी के समर्थतन में जनसभा को संबोधित किया। सभा के बाद जब मुख्यमंत्री लौट रहे थे तो भावुक कर देने वाला नज़ारा दिखाई दिया। जब रास्ते में शिवराज सिंह चौहान को बहनें और बच्चे स्वागत के लिए आतुर दिखाई दिए तो उन्होंने अपना काफिला रोका और बहनों के बीच पहुंच गए। लाड़ले भैया को बहनों ने तिलक किया तो वहीं छोटे-नन्हें भांजे-भांजियों ने भी मामा का हृदय से स्वागत किया। सीएम शिवराज ने भी बहनों का प्यार स्वीकार किया और बच्चों को खूब दुलार किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ाया है। वहीं डबल इंजन की सरकार में मध्यप्रदेश भी नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। पिछले 20 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास कार्यों से मध्यप्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदल दी है, और इसलिए भाजपा के सभी उम्मीदवारों को भारी मतों से जीत दिलाना है। सभी प्रत्याशियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मामा शिवराज को भी विजयी आशीर्वाद देना है। 17 नवंबर को कमल के फूल की बटन दबाकर मध्यप्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाना है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी तेंदूखेड़ा में विश्वनाथ सिंह ठाकुर, गोटेगांव में महेन्द्र नागेश, अमरवाड़ा में मोनिका बट्टी, नरयावली में प्रदीप लारिया और सिलवानी में रामपाल सिंह के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। वहीं सागर में प्रत्याशी शैलेन्द्र जैन के समर्थन में रोड शो किया। और सांची विधानसभा में डॉ. प्रभुराम चौधरी के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान का माताओं-बहनों, बड़े-बुजुर्गों भांजे-भांजियों और नौजवान युवा साथियों ने भव्य स्वागत किया।

Views Today: 2

Total Views: 110

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!