Skip to content
Wednesday, 4 November 2026
भोपाल

प्रदेश चुनाव प्रभारी ने भोपाल उत्तर विधानसभा के पन्ना प्रभारियों के सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं में भरा चुनावी जोश – आलोक शर्मा

3 min read
Text Size:

भोपाल- हमारा संकल्प मजबूत है, निश्चित ही भोपाल उत्तर विधानसभा में इस बार कमल खिलेगा। कार्यकर्ताओं की मेहनत उनका समर्पण बूथ स्तर पर दिख रहा है। हमारा संकल्प मजबूत है। आप सब कार्यकर्ता मिलकर हर एक बूथ पर मजबूती के साथ जुट जाएं। इस बार भोपाल उत्तर विधानसभा में प्रचंड बहुमत से कमल खिलाएं और भाजपा की सरकार प्रदेश में बनाएं। यह बात मानस उद्यान गुफा मंदिर में आयोजित भोपाल उत्तर विधानसभा के पन्ना प्रमुख कार्यकर्ता सम्मेलन में संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में कही। सम्मेलन में करीब डेढ़ हजार कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन को उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी संबोधित किया।

सम्मेलन में संबोधित करते हुए भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं की चिंता करते हुए ऐसी योजनाएं बनाईं हैं, जिनसे महिलाएं सशक्त बनें, आत्मनिर्भर बनें। मप्र में लाड़ली बहना योजना इसका उदाहरण है। बिना किसी भेदभाव के सवा करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खाते में पैसा पहुंच रहा है।भाजपा की सरकार व्यापारियों के हित, कर्मचारियों के हित, महिलाओं के हित, किसानों के हित, युवाओं के हितों को पूरा कर रही है।

भूपेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ की जिम्मेदारी हमारी है। हमें अपने मजबूत संकल्प के साथ मतदान तक पूरे समर्पण भाव से जुटे रहना है। यदि हम ऐसा कर पाए तो निश्चित ही हम प्रचंड बहुमत से यह सीट जीतेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी की बड़ी-बड़ी रैली देखी, बड़ी-बड़ी सभाएं देखी, संगठन की बैठकें देखी लेकिन आलोक शर्मा की कार्य पद्धति, कार्य शैली सबसे अच्छी है।

भूपेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी आलोक शर्मा ने बचपन से ही संगठन का काम किया है। वे भाजपा संगठन के मजबूत कार्यकर्ता हैं, उन्होंने वार्ड स्तर पर दरी उठाने से लेकर शहर के प्रथम नागरिक तक की जिम्मेदारी निभाई है। महापौर रहते हुए उन्होंने विकास के ऐतिहासिक काम किए हैं। उनके इन्हीं विजनरी कामों को ध्यान में रखकर पार्टी ने उन्हें उत्तर सीट से प्रत्याशी बनाया है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि यहां पर कार्यकर्ताओं में जोश दिख रहा है। पिछले 30 सालों से उत्तर विधानसभा में कांग्रेस का विधायक है और उसकी निष्क्रियता का हमें लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक के प्रति जनता में रोष है। यही वजह है कि उत्तर विधानसभा की जनता का भरपूर समर्थन भाजपा को मिल रहा है।

प्रत्याशी आलोक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी तैयारी मंडल स्तर, वार्ड स्तर और बूथ स्तर तक कमल खिलाने की है। हर सदस्य टीम के रूप में काम कर रहा है। जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्याशी आलोक शर्मा संगठन के मजबूत सिपाही हैं। उन्हें पता है कि संगठन की टीम कैसे काम करती है। इस बार उत्तर विधानसभा में एक-एक कार्यकर्ता अपने समर्पित भाव से चुनाव में आलोक शर्मा बनकर भाजपा के समर्थन में वोट कराने की जिम्मेदारी ले।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं उत्तर विधानसभा के प्रभारी सत्यार्थ प्रकाश अग्रवाल, आकांक्षी प्रभारी चेतन भार्गव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य विकास वीरानी, रविंद्र अवस्थी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन पार्षद एवं विस संयोजक मनोज राठौर ने किया व आभार पूर्व पार्षद पंकज चौकसे ने व्यक्त किया।

97 Views
What do you think?

Leave a Reply