Skip to content
Thursday, 22 October 2026
खंडवा

भ्रष्टाचार करने के लिए कांग्रेस सत्ता में आने के लिए फड़फड़ा रही : प्रधानमंत्री

4 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, खंडवा। 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में निमाड़ की सभी विधानसभा भाजपा जीते इस हेतु विश्व के सिरमौर और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करने खंडवा जिले के छगांव माखन में पहुंचे। आयोजित विशाल आमसभा में मंच पर प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर के जिलाध्यक्ष, खंडवा की महापौर अमृता अमर यादव के साथ ही 12 विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी मंच पर उपस्थित थे। सभा का संचालन खंडवा की महापौर अमृता यादव द्वारा किया गया। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं एक गरीब परिवार से हूं और गरीबों को नजदीकी से देखा है। कोरोना काल में जब संकट आया तो गरीबों की सेवा के लिए निशुल्क अनाज देने की घोषणा की, दिसंबर में योजना समाप्त होने वाली थी लेकिन निशुल्क अनाज योजना अब समाप्त न होकर लगातार 5 वर्षों तक सतत चलती रहेगी, ताकि कोई भी गरीब भूख ना सोए, उसका बच्चा भूखा ना रहे। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने के लिए छटपटा रही है। मध्यप्रदेश को को अपनी पार्टी का एटीएम बनना चाहती है। लोकसभा चुनाव के लिए पूरे मध्यप्रदेश से भर-भर कर लूट करनी है। श्री मोदी ने कहा कि ने कहा जिस राज्य में गलती से भी कांग्रेस की सरकार बनी, वहां धड़ाधड़ लूट की स्पर्धा चलती है कि मुख्यमंत्री ज्यादा लूटेगा या उप मुख्यमंत्री में आप देख ही रहे हैं। 10 साल से कांग्रेस केंद्र की सत्ता से बाहर है, इसलिए हर राज्य को बड़ी लालच भरी नजरों से देखती है कि कब मौका मिले, कब माल खाऊं। कांग्रेस ने एमपी को बीमारू राज्य बनाया। अपने भ्रष्टाचार से एमपी को बहुत बड़े गड्ढे में धकेल दिया था। भाजपा ने प्रदेश को बहुत मेहनत कर इस गड्ढे से बाहर निकाला। इस काम में मेरी पार्टी की तीन-चार पीढ़ियां खप गईं। एमपी को कांग्रेस के चंगुल से बचाकर रखना ही होगा। जब कांग्रेस केंद्र में थी, तो लाखों-करोड़ों के घोटाले कर अपना काम चलाती थी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कांग्रेस युवाओं की दुश्मन है। कांग्रेस ने हमेशा अपने नेताओं के विकास का सोचा। आपको कांग्रेस से बहुत सावधान रहना है। आप इस गलती में मत रहना कि इतने साल सत्ता से बाहर थे तो ये सुधर गए होंगे। ये सुधरे नहीं हैं, इनकी भूख और तेज हो गई है। मोदी सबका साथ-सबका विकास के मंत्र को जीता है। कांग्रेस की सरकारें झगड़े में उलझी रहती हैं। जनता के लिए समय नहीं है। गोटी बैठाते रहते हैं। राजस्थान में दो गुट लड़ रहे। कर्नाटक में भी मुख्यमंत्री को पता नहीं कि वो कब तक सीएम रहेंगे। मध्य प्रदेश में कपड़े फाड़े जा रहे। कांग्रेस में एक नेता को दूसरे नेता से लड़ाया जाता है, ताकि दिल्ली वाले न्यायधीश बनकर बैठे रहें। हमें मध्यप्रदेश को कांग्रेस के चंगुल से बचाना है। पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद से एमपी को गड्ढे में धकेल दिया था। इसलिए हमें प्रदेश को कांग्रेस के चंगुल से बचा कर रखना है। उन्होंने कहा कि खंडवा सिर्फ स्थान नहीं है, बल्कि आस्था, अध्यात्म, इतिहास और आधुनिकता की संगम स्थली है। इसलिए जब भी मुझे इस पवित्र धरती पर आने का अवसर मिला है, ऐसा लगा है जैसे मैं तीर्थ यात्रा पर आया हूं। सभा को राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी संबोधित किया। मोदी जी के आगमन के पूर्व मंत्री विजय शाह, खंडवा की भाजपा प्रत्याशी कंचन मुकेश तंनवे, नारायण पटेल, छाया मोरे ने भी सभा को संबोधित किया। खंडवा जिले के साथी बुरहानपुर और खरगोन जिले के भी कार्यकर्ता एवं क्षेत्र की जनता लाखों की संख्या में आमसभा को सुनने पहुंची थी। पूरे 45 मिनट श्री मोदी ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए प्रदेश में इस बार फिर भाजपा सरकार बनाने का अनुरोध किया।

111 Views
What do you think?

Leave a Reply