अनोखा तीर, खंडवा। जिले में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि आए दिन कोई न कोई नागरिक इनका शिकार हो रहा है। जिला अस्पताल में कुत्ते के काटने के मरीजों की संख्या में भी इजाफा होने से इंजेक्शन भी मरीज को नहीं मिल पा रहे हैं। शहर में इनकी संख्या कम करने के लिए निगम प्रशासन ने नसबंदी केन्द्र खोल कर कुत्तों की नसबंदी का अभियान भी चलाया था, जो फ्लाप साबित हुआ। जिसे ठेकेदार को यह ठेका दिया वह समय से पूर्व ही काम छोड़ कर रफूचक्कर हो गया। अब आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि इनसे जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं है। कांग्रेस नेता और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष को बुधवार देर रात अपने घर लौट रहे नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर को आवारा कुत्तों ने काट लिया। दूसरे दिन गुस्साए कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने निगम नेता प्रतिपक्ष के साथ मिलकर नगर निगम में जमकर हंगामा कर दिया। पार्षद बैंड बाजा और शहनाई बजाकर नगर निगम को जगाने पहुंच गए। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया है कि शहर में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोगों को दिन-रात काट रहे हैं। नगर निगम ने करोड़ों रुपए की लागत से नसबंदी केंद्र बनाया है, लेकिन वहां पर कुछ काम नहीं हो रहा है। नौबत यहां तक आ गई है कि आए दिन यह आवारा कुत्ते लोगों को काट रहे हैं। उनकी जान ले रहे हैं। बैंड बाजा और शहनाई लेकर नगर निगम पहुंचे नेता प्रतिपक्ष ने निगम कमिश्नर के गेट पर विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। बैंड बाजा और शहनाई बजाकर निगम के अधिकारियों को जगाने का प्रयास किया। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि नगर निगम में जनता के हित के कुछ भी काम नहीं हो रहे हैं। लोग परेशान हो रहे हैं। आवारा कुत्ते आमजनों को रोज निशाना बना रहे हैं। कल रात जब में खुद अपने घर लौट रहा था रास्ते में एक आवारा कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद में अस्पताल गया, लेकिन वहां भी इंजेक्शन नहीं मिला। आज हम सभी पार्षद बैंड बाजा शहनाई लेकर कुंभकरण की नींद में सो रही निगम को जगाने आए हैं । शायद इससे जग जाए और जनहित में काम करना शुरू करें।

