खंडवा- मध्यप्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनाने का मन जनता ने बना लिया है। मैं जहां भी जा रहा हूं वहां कांग्रेस की बात हो रही है। जनता भाजपा के भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी से तंग आ चुकी है। कांग्रेस के लिए मध्यप्रदेश का रिजल्ट कर्नाटक की तरह रहेगा और पुर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। यह बात गुजरात की पोरबंदर विधानसभा के विधायक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पर्यवेक्षक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अर्जुन मोढवाडिया ने गांधी भवन में खंडवा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि खंडवा की सीट भी हम कई सालों से नहीं जीत रहे है, पर मैं दो दिन से खंडवा विधानसभा का दौरा कर रहा हूं, जिस तरह से कार्यकर्ता मिल रहे हंै, कार्य कर रहे हंै उस हिसाब से हम इस बार खंडवा की विधानसभा में भी जीत हासिल करेंगे। कांग्रेस में प्रत्याशी बनने के लिए कई लोग मिल रहे है एवं बायोडाटा दे रहे हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस जितने जा रही है। सभी कार्यकर्ताओं को छूट है कि वो प्रत्याशी बनने के लिए अपना दावा पेश करे, पर चयन कांग्रेस के संविधान के अनुसार प्रदेश संगठन, स्क्रुटनी कमेटी एवं सेंट्रल इलेक्शन कमेटी चयन करेगी।
मोढवाडिया ने कार्यकर्ताओं से कहा मैं यहां विधानसभा चुनाव 2023 का टिकिट फाइनल करने नहीं आया हूं। प्रत्याशी चयन की एक प्रक्रिया है, उसके तहत ही कैंडिडेट का चयन होगा। हां पर एक बात बता दूं खंडवा में आज आया हूं तो टिकिट फाइनल करके आया हूं। कांग्रेस का टिकिट एकमात्र है वो है हाथ का पंजा, जो ये लेकर आएगा वो हमारा प्रत्याशी होगा और उसको सभी को एकजुट होकर पूरी ताकत से जीताना हमारी सबकी जवाबदारी है। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि खंडवा में कोई गुटबाजी नहीं है। मैं दो दिन से क्षेत्र के दौरे पर हूं मुझे कोई गुटबाजी नहीं दिखी, ना ही किसी ने मुझे कोई शिकायत की है।
जिला मीडिया प्रभारी प्रेमांशु जैन ने बताया कि पर्यवेक्षक अर्जुन मोढवाडिया ने जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित खंडवा विधानसभा के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय ओझा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डा. मुनीश मिश्रा, जिला प्रभारी कैलाश कुंडल, अमिताभ मंडलोई, अवधेश सिसोदिया, श्याम यादव, सदाशिव भवरिया, कुंदन मालवीय, ओंकार पटेल, सुनील आर्य, इंदल सिंह पंवार, महेंद्र सावनेर, अर्ष पाठक, यशवंत सिलावट, प्रेमांशु जैन, रईस अब्बासी, राधेश्याम तोमर, अनुराग अत्रे, मदन तिरोले, डॉ चैनसिंह वर्मा, देवेंद्र जैन, हुकुम मेलुन्दे, विकास व्यास, इकबाल क़ुरैशी, दीपक मुल्लू राठौर, राशिद बाठिया, अहमद पटेल, अजीज़ मदनी, शांतनु दीक्षित, आलोक सिंह रावत, रणधीर कैथवास, राजकुमार कैथवास, रिंकू सोनकर सहित बड़ी संख्या में विधानसभा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

