Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
खंडवा

मुजफ़़्फ़र हनफ़ी एवं क़ाज़ी हसन रज़ा की याद में हुआ विमर्श एवं रचना पाठ का आयोजन

2 min read
Text Size:

खंडवा- मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा खण्डवा में सिलसिला एवं तलाशे जौहर के तहत मुजफ़़्फ़र हनफ़ी एवं क़ाज़ी हसन रज़ा की याद में विमर्श एवं रचना पाठ का आयोजन जवाहर मिडिल स्कूल खण्डवा में जिला समन्वयक सूफियान क़ाज़ी के सहयोग से किया गया। उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्य जगत में कई बार ऐसा भी होता है कि जब कोई साहित्यकार वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर लेता है तो उसके बाद स्थानीय स्तर पर उसके अपने नगर या बस्ती में उसके योगदान के प्रति जागृति आती है। ऐसे कई उदाहरण मौजूद हैं। खंडवा में जिन दो विभूतियों की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित हो रहा है वे ऐसे ही नाम हैं। विशेषकर मुजफ़़्फ़र हनफ़ी का नाम वैश्विक साहित्यिक परिदृश्य में अविस्मरणीय है। उर्दू अकादमी सम्पूर्ण मध्यप्रदेश की अपनी साहित्यिक यात्रा में सिलसिला के माध्यम से ऐसी ही महान हस्तियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए आगे बढ़ रही है।

जिले के समन्वयक सूफियान क़ाज़ी ने बताया कि विमर्श एवं रचना पाठ दो सत्रों पर आधारित था। प्रथम सत्र में दोपहर 3 बजे तलाशे जौहर प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें जिले के नये रचनाकारों ने तात्कालिक लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया। निर्णायक मंडल के रूप में खरगोन के वरिष्ठ शायर राज़ साग़री एवं बुरहानपुर के मशहूर शायर रियासत अली रियासत मौजूद रहे। दूसरे सत्र में शाम 5 बजे सिलसिला के तहत विमर्श एवं रचना पाठ का आयोजन हुआ जिसकी अध्यक्षता खरगोन के उस्ताद शायर राज़ साग़री ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में खण्डवा के वरिष्ठ साहित्यकार गोविंद शर्मा एवं प्रसिद्ध रंगकर्मी शरद जैन उपस्थित रहे। इस सत्र के प्रारंभ में खण्डवा के साहित्यकारों ए क़मर एवं डॉ. नाज़मा एवं बुरहानपुर के मशहूर शायर शऊर आशना ने प्रसिद्ध रचनाकारों मुजफ़्फ़र हनफ़ी एवं क़ाज़ी हसन रज़ा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम का संचालन शऊर आशना द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक सूफियान क़ाज़ी ने सभी अतिथियों, रचनाकारों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।

225 Views
What do you think?

Leave a Reply