खण्डवा- मध्य प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के विकास के लिए मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना के बैच-2 का शुभारंभ किया गया। यह सरकारी योजना केवल मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए है। इस योजना के तहत हर विकासखंड में 15 और प्रदेश भर में 4695 युवाओं का चयन किया जाएगा। इसमें से खंडवा जिले के 105 युवा इंटर्न (सी.एम. जन सेवा मित्र) का मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना बैच-2 में चयन किया जाएगा। मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना के लिए आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।
आवेदक पिछले 2 वर्षाे में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों से स्नातक या स्नातकोत्तर उत्तीर्ण होना आवश्यक है। जबकि आयु 18-29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 8 हजार रूपये का स्टायपेंड दिया जायेगा। इंटर्नशिप की कार्यवधि 6 माह की होगी। आवेदक एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 10 जुलाई तक आवेदन कर सकते है।

