सुंदर नगर की महिलाओं ने निगम के सामने किया चक्काजाम

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

खंडवा-  नगर निगम के सामने सुंदर नगर क्षेत्र की समस्याएं हल नहीं होने से नाराज महिलाओं ने रोड पर चक्का जाम कर दिया। करीब 15 मिनट तक महिलाएं रोड पर बैठकर नगर निगम हाय हाय के नारे लगाती रही। इस दौरान उनके साथ खंडवा नगर निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर भी मौजूद रहे। चक्काजाम की वजह से रोड के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे और महिलाओं सहित नेता प्रतिपक्ष को समझाइश देने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने।
नेता प्रतिपक्ष ने लगाए आरोप


नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने आरोप लगाते हुए कहा कि हम महिलाओं के साथ क्षेत्र की समस्या लेकर नगर निगम में महापौर अमृता यादव के समक्ष पहुंचे तो महापौर ने अभद्र व्यवहार किया। महापौर ने मुझे बात करने से चुप करा दिया और कहा कि महिलाएं समस्या लेकर आई हैं उन्हें बोलने दो। मैं नेता प्रतिपक्ष हूं। जनप्रतिनिधि हूं। क्या मैं शहर की समस्याओं को लेकर महापौर से बात नहीं कर सकता। खंडवा महापौर का व्यवहार ठीक नहीं था। अब हम चक्काजाम से तभी उठेंगे जब मौके पर कलेक्टर सुनवाई करने के लिए आएंगे।
समझाने पर समाप्त किया चक्काजाम
हालांकि 15 मिनट तब चक्काजाम के बाद मौके पर पहुंचे नगर निगम के एमआइसी सदस्य राजेश यादव और सोमनाथ काले की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हो गया। क्षेत्र में मूलभूत समस्याओं से परेशान महिलाओं से नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे ने चर्चा की।
ये बोली महिलाएं
इस दौरान महिलाओं ने कहा कि उनके क्षेत्र में रोड और नालियां नहीं है। वर्षा के दिनों में कीचड़ जमा हो जाता है। पास ही स्थित अभिनव सिटी कालोनी के ड्रेनेज का पानी हमारे क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। इससे भी गंदगी फैल रही है। महिलाओं ने यह भी कहा कि हमारे क्षेत्र में कई लोगों ने अवैध नल कनेक्शन भी ले रखे हैं। इस वजह से वैध कनेक्शन लेने वालों को पीने का पानी नहीं मिल पाता।

150 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!