खंडवा- शिक्षा के साथ जीवन के हर क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही है। पहले 60 प्रतिशत अंक लाकर प्रथम श्रेणी में आने वाला बहुत खुश हो जाता था, पर अब प्रतियोगिता 95 से लेकर 100 प्रतिशत के बीच में है। हमें बड़ी खुशी है कि हमारे खंडवा के बच्चे अच्छे अंक लाकर न केवल जिले की बल्कि प्रदेश की मेरिट लिस्ट में स्थान बना रहे हैं। यह बात महापौर अमृता अमर यादव ने माणिक्य वाचनालय में अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता एवं विकास परिषद खंडवा शाखा द्वारा पूर्व विधायक पंडित पूरणमल शर्मा की स्मृति में आयोजित मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में कही। महापौर ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी।
परिषद के अध्यक्ष श्याम शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम में महापौर अमृता यादव, पूर्व विधायक योगिता नवल बोरकर, विशेष अतिथि दिनेश पालीवाल, विकास व्यास, राकेश थापक, अशोक तिवारी, विपुल शर्मा, प्रमिला शर्मा, रचना तिवारी, मनीषा पाटिल, सुनील जैन ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा अनी जैन सहित कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं में जिले की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले खंडवा के सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रारंभ में बालिका मोलिका गुप्ता ने गणेश वंदना पर नृत्य की प्रस्तुति दी। अतिथियों ने भगवान गणेश पूजन, सरस्वती पूजन और परशुराम जी का पूजन कर शुरूआत की गई। अतिथियों का स्वागत परिषद के जिला अध्यक्ष श्याम शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला शर्मा एवं नगर अध्यक्ष मोनिका शर्मा, अशफाक सिद्दीकी, भरत गौड़, अजय चंद्रे, गोपाल सावनेर, साजिद अली सैय्यद ने किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन उद्घोषक प्रफुल्ल मंडलोई ने किया एवं आभार मोनिका शर्मा ने माना।
Views Today: 2
Total Views: 92

