Skip to content
Saturday, 10 October 2026
हरदा

खाद संकट, कम बारिश और बिजली बिल सहित समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

2 min read
22 3
Text Size:

-जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने मुख्यमंत्री से की निराकरण की मांग, आंदोलन की चेतावनी

अनोखा तीर, हरदा। जिले में किसानों की समस्याओं सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सात प्रमुख मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन सांई ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खाद की कमी, कम बारिश से फसलों को नुकसान, पेयजल संकट, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल और अन्य समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि डीएपी और यूरिया की कमी तथा ई-टोकन बुकिंग की परेशानियों से किसान जूझ रहे हैं। कांग्रेस ने ई-टोकन प्रणाली बंद कर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, सामान्य से 42 प्रतिशत कम बारिश का हवाला देते हुए हरदा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने तथा एनपीके खाद के बढ़े दाम वापस लेने की मांग उठाई। शहर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने हरदा के बाहर डंपिंग प्लांट स्थापित करने, नगर पालिका के सभी 35 वार्डों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा गंदे और बदबूदार पानी की समस्या दूर करने की मांग की। इसके अलावा स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं को खपत से अधिक बिजली बिल मिलने की शिकायत पर रोक लगाने और वन क्षेत्रों में कृषि भूमि के पट्टे प्रदान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर जिला कांग्रेस कमेटी जनहित में आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपते समय क्षेत्रीय विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ बिश्नोई, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमिला सिंह ठाकुर, युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष भूपेश बिश्नोई, नमन मालवीय एवं मनोज सांई उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply