-पंचायत ने डाला ले-आउट, सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमण स्वयं हटाने के दिए निर्देश
अनोखा तीर, रहटगांव। नगर के बाजार क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को लखन पान दुकान से हनुमान मंदिर होते हुए विजय मेडिकल तक प्रस्तावित सड़क का ले-आउट डालकर चौड़ाई और निर्माण की सीमा निर्धारित की गई। इसके साथ ही पंचायत ने सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को दो दिन का समय दिया है। पंचायत की ओर से दुकानदारों से दुकानों के बाहर रखा सामान, अस्थायी शेड और अन्य बाधाएं स्वेच्छा से हटाने का आग्रह किया गया है। पंचायत का उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान मशीनों और श्रमिकों को पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के साथ बाजार में आवागमन सुचारू बनाए रखना है। ग्राम पंचायत सचिव सत्यनारायण गौर ने बताया कि दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। दो दिवस में स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर पंचायत स्तर से नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। इससे बाजार में आने वाले लोगों और ग्राहकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।






