Skip to content
Wednesday, 25 November 2026
हरदा

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं ने खेल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

3 min read
09 11

-इनडोर स्टेडियम में आयोजित हुई विभिन्न खेल स्पर्धाएं
-प्रतिभागियों ने बाल विवाह रोकने और बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने का लिया संकल्प

अनोखा तीर, हरदा। शासन द्वारा 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष योगमाया शर्मा, उपाध्यक्ष आभा अग्रवाल एवं ब्लॉक समन्वयक सलमा खान ने महिलाओं और बालिकाओं से परिचय प्राप्त कर बैडमिंटन खेलकर किया। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक सलमा खान ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में आज भी कई बालिकाओं की पढ़ाई छुड़वाकर कम उम्र में उनका विवाह कर दिया जाता है। कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। वहीं जिला अध्यक्ष योगमाया शर्मा ने महिलाओं एवं बालिकाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलों से जुड़कर अपना करियर बनाने तथा समाज से बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करने की अपील की।
पारंपरिक खेलों के जरिए दिया जागरूकता का संदेश
इनडोर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान घोड़ा बादाम खाई, पीछे देखे मार खाई जैसे पारंपरिक खेलों के साथ धीमी कोण दौड़, तेज चाल, बैडमिंटन और अन्य खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं ने खेलों के माध्यम से अपने बचपन की यादें ताजा कीं और अपनी बेटियों को बेहतर एवं उच्च शिक्षा दिलाने का संकल्प लिया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
बैडमिंटन प्रतियोगिता में बुलबुल राजपूत ने प्रथम, आभा अग्रवाल ने द्वितीय और राखी मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज प्रतियोगिता में कीर्ति अग्रवाल प्रथम और ज्योति शुक्ला द्वितीय रहीं। धीमी कोण चाल प्रतियोगिता में सावित्री विश्वास ने प्रथम, योगमाया शर्मा ने द्वितीय और जमुना मोर्चले ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तेज चाल में शानू शर्मा प्रथम, महिमा विश्नोई द्वितीय और राखी मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं कोण बैलेंस चाल प्रतियोगिता में मनस्वी अग्रवाल ने प्रथम, प्रतिज्ञा राजपूत ने द्वितीय और बुलबुल राजपूत ने तृतीय स्थान हासिल किया।
ये महिलाएं रहीं उपस्थित
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिला महामंत्री कीर्ति अग्रवाल, महिमा विश्नोई, बुलबुल राजपूत, मीना ओछा, जमुनाबाई, हंसा पटेल, शानू शर्मा, राखी मिश्रा, सावित्री विश्वास, ज्योति शुक्ला, नम्रता पुजारी, मनस्वी अग्रवाल, पीहू राजपूत, रैमलबाई सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने उत्साह और जोश के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply