
-तीन सगे भाइयों ने एक साथ शुरू की 3600 किमी की पदयात्रा
-करीब चार माह बाद लौटेंगे गांव
अनोखा तीर, सोडलपुर। नर्मदा मैया के प्रति आस्था और श्रद्धा का भाव लेकर सोडलपुर ग्राम सहित आसपास के क्षेत्र से इन दिनों प्रतिदिन श्रद्धालु पैदल नर्मदा परिक्रमा के लिए रवाना हो रहे हैं। कोई अकेले तो कोई परिवार और साथियों के साथ इस कठिन धार्मिक यात्रा पर निकल रहा है। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु करीब 3600 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे। इस यात्रा को पूरा करने में लगभग चार माह का समय लगेगा। इसके बाद श्रद्धालु वापस अपने गांव लौटेंगे। मंगलवार को भी सोडलपुर निवासी तीन सगे भाई गोकुल प्रसाद, हरिशंकर और रामशंकर गहलोत एक साथ नर्मदा परिक्रमा के लिए पैदल रवाना हुए। यात्रा शुरू करने से पहले तीनों भाइयों ने गांव में स्थित गुरु कान्हा बाबा समाधि और बाबा रामदेव मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और माता नर्मदा का स्मरण कर यात्रा की शुरुआत की। तीनों भाइयों के एक साथ परिक्रमा पर निकलने से ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देकर विदा किया। इससे दो दिन पहले भी गांव के दो श्रद्धालु जोड़े बंसीलाल माली और मोहन माली नर्मदा परिक्रमा के लिए पैदल रवाना हुए थे। क्षेत्र में लगातार श्रद्धालुओं के परिक्रमा पर निकलने का सिलसिला जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि नर्मदा परिक्रमा केवल धार्मिक यात्रा ही नहीं, बल्कि श्रद्धा, संयम, धैर्य और आत्मिक शांति का भी प्रतीक है। परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु नर्मदा नदी के किनारे-किनारे पैदल चलते हुए अपनी यात्रा पूरी करते हैं। यात्रा के दौरान वे प्रतिदिन सुबह और शाम मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और आरती करते हैं। इसके बाद माता का स्मरण कर आगे की यात्रा शुरू करते हैं। करीब चार माह तक चलने वाली इस पदयात्रा में श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों और नर्मदा तटों से गुजरेंगे। गांव से एक के बाद एक श्रद्धालुओं के परिक्रमा के लिए रवाना होने से पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है।






