-स्वामित्व योजना से मिला मालिकाना हक
अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को जिला पंचायत हरदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख के निष्पादन योजना वर्ष 2026 के अंतर्गत हितग्राहियों को रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने ग्राम गोंदागांव के ग्रामीण निर्भयदास एवं भैयालाल को अपने हाथों से रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र ग्रामीण को उसकी भूमि का अधिकार मिले। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को न केवल कानूनी सुरक्षा मिल रही है, बल्कि वे आर्थिक रूप से भी सशक्त हो रहे हैं। रजिस्ट्री मिलने से उनकी संपत्ति की कीमत बढ़ी है और वे शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे। रजिस्ट्री प्राप्त करने के बाद हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रजिस्ट्री मिलने से उन्हें अपनी भूमि का विधिवत मालिकाना हक प्राप्त हुआ है। अब उन्हें बैंक से ऋण लेने में आसानी होगी तथा अपनी भूमि पर वे निर्भय होकर निर्माण एवं अन्य कार्य कर सकेंगे। उन्होंने इसे सरकार की बहुत ही अच्छी योजना बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि भू-स्वामित्व के अंतर्गत रजिस्ट्री के कार्य में गति बढ़ाएं एवं पटवारियों को बताएं कि शासकीय कार्य करने में जिले के किसी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं होगी, जिसमें वह राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में निष्पादन अधिकारी घोषित है। रजिस्ट्री का निष्पादन अधिकार अभिलेख में उल्लेखित जानकारी के आधार पर ही किया जाएगा। किसी भी व्यक्ति के स्वामित्व का निर्धारण अथवा नई जानकारी का सृजन नहीं किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को वितरित किए रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र







