Skip to content
Saturday, 10 October 2026
हरदा

 प्रदेश के हर नागरिक तक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध 

4 min read
10 4
Text Size:

 

11 3

अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ी है और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से जनविश्वास अभियान के माध्यम से सरकार घर-घर तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रत्येक वर्ग को राहत देने तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर योजनाएं संचालित कर रही है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव हरदा जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से चर्चा कर उनके उपचार एवं अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए। साथ ही क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण सहायता के उद्देश्य से फूड बास्केट प्रदान की।
बुजुर्ग महिला से ली स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों से चर्चा करते हुए उपचार की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उनका आत्मीय एवं संवेदनशील अंदाज भी देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने एक बुजुर्ग महिला से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। बुजुर्ग महिला ने बताया कि इलाज बहुत अच्छा मिल रहा है और अब पहले से आराम है। मुख्यमंत्री बच्चों से दुलार करते भी नजर आए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित बच्चों के सिर पर दुलार से हाथ फेरते हुए उनका भी हाल-चाल पूछा।
स्कूली बच्चों को वितरित किए चश्मे
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री बच्चों के बीच पहुंचे जहां उन्होंने बच्चों को निशुल्क चश्मे वितरित किए। मुख्यमंत्री द्वारा शासकीय कन्या शाला की कक्षा 12वीं की छात्रा शिवानी, छाया एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा मुस्कान को निशुल्क चश्मा वितरित किया गया। हरदा में जिला अंधत्व निवारण कार्यक्रम के अन्तर्गत 135 स्कूलों में 20320 बच्चों की जांच की गई जिसमें 1156 बच्चों में दृष्टिदोष पाए जाने पर उन्हें निशुल्क चश्मे वितरित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत शुक्रवार को जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने टीबी मरीजों को दी पोषण आहार की टोकरी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों को पोषण आहार की टोकरी भी वितरित की। प्रोटीन एवं कार्बोहाइड्रेट से युक्त लगभग 8 किलोग्राम की प्रत्येक फूड बास्केट में आटा, मूंगफली दाना, दाल और चना आदि शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने हरदा जिले के ग्राम झिरी की रामबाई धुर्वे, हरदा की उषा गिनारे तथा टिमरनी के परसराम लोवंशी को पोषण आहार की टोकरी प्रदान की। उल्लेखनीय है कि नि-क्षय पोषण योजना के अंतर्गत क्षय रोगियों को पोषण सहायता के लिए प्रतिमाह 1,000 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाती है। जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में व्यापक स्तर पर जांच एवं स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक हरदा जिले के हाईरिस्क ग्रामों एवं मोहल्लों को कवर करते हुए घर-घर जाकर 1 लाख 86 हजार 332 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हाईरिस्क ग्रामों एवं वार्डों में एआई आधारित हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन और बलगम जांच के माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से टीबी मरीजों को पोषण आहार की फूड बास्केट भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला अस्पताल को मिला आईएसओ सर्टिफिकेट
मुख्यमंत्री ने हरदा जिला अस्पताल को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्राप्त आईएसओ सर्टिफिकेट भी कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एच.पी. सिंह को प्रदान किया। यह उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, विशेष सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय सुदाम खाड़े, पूर्व मंत्री कमल पटेल, पूर्व विधायक संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, राजेश वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, नगर पालिका अध्यक्ष टिमरनी देवेन्द्र भारद्वाज, विशाल सिंह बघेल तथा कमिश्नर नर्मदापुरम श्रीकांत बनोठ, आईजी चंद्रशेखर सोलंकी, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply