खरगोन – कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने एक बार फिर जनसुनवाई के दौरान कई प्रकरणों में त्वरित रूप से कार्यवाही कर प्रकरण निराकृत किए तो कुछ आवेदनों पर 2 दिनों में जांच करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा जनसुनवाई में उन्होंने 2 बजे तक जितने आवेदक उपस्थित रहे सभी की समस्याओं और शिकायतों को सुनकर संवेदनशीलता दिखाते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान माचछलपुर खुर्द के जगदीश ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि पीएम आवास पिताजी के नाम से स्वीकृत हुआ था।
अब तक प्रथम क़िस्त 25 हजार और द्वितीय क़िस्त 40 हजार रुपये मिले हैं। लेकिन इस बीच पिताजी का देहांत हो गया। अब मैंने कर्ज लेकर मकान पूर्ण कर रहने की व्यवस्था की। लेकिन तृतीय और चतुर्थ क़िस्त नहीं मिल पा रही है। कलेक्टर श्री वर्मा ने पीएम आवास के पीओ गोविंद मंडलोई से वर्तमान स्थिति देखकर बताने के निर्देश दिए। श्री मंडलोई ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद इनकी माता नथी के बैंक खाते में राशि जाएगी। इसके लिए भोपाल प्रकरण भेजा गया था। वहां से स्वीकृति आ गई है। शीघ्र राशि का भुगतान किया जाएगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने आवेदक जगदीश से कहा कि माता का खाता नहीं हो तो खुलवा ले।
Views Today: 2
Total Views: 66

