ओमकारेश्वर- 15 मई को कोटि तीर्थ घाट पर नाव डूबने की दुर्घटना हुई थी। दुर्घटना के बाद नगर परिषद द्वारा नौका संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। लगातार प्रतिबंधों से नाविक परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। इन 25 दिनों में प्रशासन ने नाव प्रारंभ करने की जगह चक्रतीर्थ घाट, कोटि तीर्थ घाट और ब्रम्हपुरी घाट पर नाव संचालन प्रतिबंधित कर दिया जिससे नाविको में रोष छा गया था। बुधवार को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक नारायण पटेल ने नाविक संघ सदस्यों के साथ कलेक्टर से बात कर समस्या का हल निकाला और
नाव संचालन प्रारंभ करवाया। लेकिन घाटो पर अभी स्नान प्रतिबंधित रहेगा।
विधायक नारायण पटेल ने कहा भोलेनाथ की नगरी ओमकारेश्वर में प्राकृतिक प्रकोप की वजह से नाव दुर्घटना हुई थी जिसमें गुजरात के 2 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। प्रशासन द्वारा तत्काल दुर्घटना पर संज्ञान लेकर नाव संचालन बंद कर दिया गया था। गुजरात श्रद्धालुओं द्वारा इस मामले की शिकायत भी की गई थी। 8 दिन पहले जब मैं कलेक्टर से मिला था तब उन्होंने कुछ घाट प्रतिबंधित किए थे। बुधवार को मैं और सांसद नाविक संघ के सभी प्रतिनिधि कलेक्टर से मिले और नाव संचालन प्रारंभ करने का अनुरोध किया। शर्तों के साथ नाव संचालन प्रारंभ हो गया है। इन घाटों पर स्नान भी कुछ दिन में प्रारंभ किया जाएगा
सीएमओ नगर परिषद ओमकारेश्वर संजय गीत ने बताया कि नाव दुर्घटना के बाद से संचालन बंद था इसके अतिरिक्त नाव वालों द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। कलेक्टर के निर्देश पर नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं और नियमों के अंतर्गत नाव संचालन करने का आश्वासन नाविक संघ द्वारा दिया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर नाव संचालन शुरू किया जा रहा है।
Views Today: 2
Total Views: 70

