खंडवा। रेल पुलिस द्वारा ट्रेनों में चलने वाले अवैध वेंडरों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की शुरुआत करते हुए उनकी धरपकड़ का अभियान छेड़ा गया है। पिछले दिनों खंडवा आए रेल पुलिस अधीक्षक हितेश चौधरी ने अवैध वेंडर की समस्या को गंभीरता से लिया था। जिसको देखते हुए खंडवा जीआरपी प्रभारी बीबीएस परिहार ने अपनी टीम के साथ इस अभियान की शुरुआत की। जिसमें उन्हें सफलता भी मिली और थाना प्रभारी परिहार एवं उनकी टीम के द्वारा चार अवैध वेंडरों को पकडऩे के साथ ही पिछले दिनों हुए कुछ अपराधों में लिप्त अपराधी भी पकड़ाए गए हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों पर रेलवे एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करने के लिए उन्हें आरपीएस के सुपुर्द किया गया।
खंडवा रेलवे स्टेशन पर बीते दिनों रेल पुलिस अधीक्षक हितेश चौधरी का दौरा का कार्यक्रम था जिसमें खंडवा स्टेशन पर अवैध वेंडर की समस्या प्रमुखता से सामने आई थी एवं इन अवैध वेंडरों को पकडऩे में आरपीएस पुलिस के जवान नाकाम साबित हो रहे थे जिसको देखते हुए यह जिम्मा जीआरपी थाना प्रभारी बीएस परिहार और उनकी टीम को दिया गया। जीआरपी टीम ने स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में सर्चिंग शुरू की। बड़ी कार्यवाही करते हुए चार अवैध वेंडरों को कामायनी ट्रेन से पकड़ा इनके साथ ही पिछले दिनों खंडवा स्टेशन पर सामान बेचने को लेकर हुए विवाद में शामिल आरोपी राजकुमार श्रीवास को भी गिरफ्तार करते हुए अदालत में पेश किया। वही एक अन्य कार्रवाई में बुरहानपुर स्टेशन पर चाकू लेकर घूमते हुए समीर पिता शहजाद को भी पकड़ा। सभी आरोपियों पर रेलवे एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की गई और उन्हें अग्रिम कार्यवाही हेतु अदालत में पेश किया गया।

