माता के दर्शन कर भक्तों ने भंडारे में की प्रसादी ग्रहण
खंडवा। मालीकुआं स्थित मां हिंगलाज माता के मंदिर में मां हिंगलाज जयंती का पर्व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। माता के भक्तों ने भक्तिभाव से मां हिंगलाज की जयंती मनाकर विशाल भंडारे का आयोजन किया। प्रात: 6 बजे हिंगलाज माता के अभिषेक के साथ विशेष श्रृंगार कर आरती की गई जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित होकर श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा अर्चना की। तत्पश्चात भोग आरती के साथ कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। दिन भर चले भंडारे में श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि शहर के मालीकुआं स्थित मां हिंगलाज माता का मंदिर में रविवार को हिंगलाज जयंती धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। दोपहर में भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्र्रसादी ग्रहण की। मंदिर की व्यवस्था एवं भंडारे का आयोजन मां हिंगलाज माता दुर्गा उत्सव समिति एवं स्व. बाला उस्ताद व्यायामशाला द्वारा प्रतिवर्ष किया जाता है। रात्रि में महाआरती के पश्चात भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी गई।

भावसार समाज ने निकाली चुनरी कलश यात्रा
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भावसार समाज द्वारा अपनी कुलदेवी हिंगलाज माता की जयंती पर विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई। प्रात: भावसार धर्मशाला से निकली विशाल चुनरी यात्रा शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए मालीकुंआ स्थित हिंगलाज माता मंदिर पहुंची। यात्रा में बैंडबाजों के साथ बग्घी में माताजी का चित्र विराजमान था। वहीं कन्याएं पारंपरिक वेषभूषा में घोड़े पर सवार थी। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं केसरिया साड़ी और पुरूष सफेद वस्त्र धारण किए हुए थे। हिंगलाज माता मंदिर में भावसार समाज के महिला-पुरूषों ने माता की पूजा अर्चना कर चुनरी ओढ़ा कर सुख समृद्धि की कामना की।
Views Today: 2
Total Views: 152

