पत्रकारिता समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती

 -महेश श्रीवास्तव सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड एवं जनसंपर्क आयुक्त रहे अधिकारियों का भी किया सम्मान

अनोखा तीर, भोपाल। गजानंद माधव मुक्तिबोध, माखनलाल चतुर्वेदी, माधवराव सप्रे की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पत्रकारिता, जनसंपर्क, लोकतांत्रिक संवाद और जन सरोकारों के क्षेत्र में बरसों से योगदान दे रहे चेहरों को आज एक साथ सम्मानित किया गया। सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे सभागार ‘मिंटो हॉलÓ में राष्ट्रीय मीडिया संवाद एवं अलंकरण समारोह दौरान मध्यप्रदेश सहित आस-पास के राज्यों से आएं पत्रकारिता के अनेक सशक्त हस्ताक्षर उपस्थित थे। इस आयोजन के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर थे। इस  समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया। जिसमें वरिष्ठ संपादक तथा मध्यप्रदेश गान के रचयिता महेश श्रीवास्तव, पांचजन्य के संपादक रहे हरिमोहन मोदी सहित जनसंपर्क विभाग में आयुक्त रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर  विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारों को निरंतर आत्मचिंतन और आत्मविश्लेषण करते हुए स्वयं को निखारने का प्रयास करना चाहिए। पत्रकारिता समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ पत्रकारिता में जिम्मेदारी, तथ्यपरकता और सामाजिक सरोकारों को और अधिक महत्व दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी सहित पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर संवाद भी हुआ। विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों ने पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और निर्भीकता को बनाए रखने की आवश्यकता पर विचार रखे। सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के अध्यक्ष विजयकुमार दास ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ और नई पीढ़ी के पत्रकारों को एक मंच पर लाकर पत्रकारिता के अनुभव और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

0 Views

Leave a Reply