अनोखा तीर, हरदा। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने रानी कमलापति-चारखेड़ा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हरदा जिले के चारखेड़ा, पगढाल एवं टिमरनी रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्थाओं तथा परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, साफ-सफाई, यात्रियों के आवागमन तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा रेल परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी पर जोर दिया।
बनापुरा स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन बनापुरा रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जानकारी ली। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने तथा यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलखंड और स्टेशनों पर संरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी संभावित कमी को तत्काल दूर किया जाए। इसके साथ ही यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय रामेन्द्र पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने डीआरएम को विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं की प्रगति से अवगत कराया।
हरदा जिले के चारखेड़ा, पगढाल और टिमरनी स्टेशनों का डीआरएम ने किया निरीक्षण

0 Views

