आरक्षक पर लगे गंभीर आरोपों की जांच शुरू, लाइन अटैच

अनोखा तीर, खंडवा। जिले में पदस्थ एक आरक्षक पर लगे गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित आरक्षक अफराज मिर्जा को लाइन अटैच कर दिया गया है। मामले को लेकर मंगलवार को महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाना पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में खालवा थाने में पदस्थ आरक्षक अफराज मिर्जा पर पुलिस वर्दी में कथित आपत्तिजनक वीडियो बनाने तथा महिलाओं से संबंधित कथित वीडियो, फोटो और चैट रखने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को एक पेन ड्राइव भी सौंपी है, जिसमें कथित डिजिटल सामग्री होने का दावा किया गया है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आरक्षक ने अपने पद और वर्दी का दुरुपयोग किया। शिकायतकर्ताओं ने सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल फोन और चैट रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। साथ ही कुछ महिलाओं को दबाव में रखने और ब्लैकमेल किए जाने की आशंका भी जताई गई है। अशोक पालीवाल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर ने बताया कि प्राप्त शिकायत, चैट और वीडियो संबंधी सामग्री के आधार पर जांच प्रारंभ कर दी गई है। मामले की जांच सिटी एसपी स्तर पर कराई जाएगी तथा विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

2 Views

Leave a Reply