-10 हैक्टेयर वन भूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त
अनोखा तीर, भैरुंदा। वर्षा ऋतु के प्रारंभ होते ही वन क्षेत्रों में अतिक्रमणकारियों की सक्रियता पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। भैरूंदा ब्लॉक में वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु चलाए गए एक विशेष अभियान में विभाग ने 10.125 हैक्टेयर वन भूमि को कब्जामुक्त करवाया है। वन भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर संपूर्ण जिले में वन अमले के एक विशेष दल का गठन किया गया है। लाड़कुई वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रकाश चंद्र उइके ने बताया कि पिछले दिनों वन विभाग की हुई बैठक के दौरान वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए एक कार्य योजना पर काम किया जा रहा है। जिसके तहत लगातार कार्यवाही की जा रही है। परिक्षेत्र सहायक नयापुरा शरद रंजन की अगुवाई में 9 अतिक्रमणकारियों द्वारा वन भूमि पर पालवा सफाई (सफाई) कर हल-बखर चलाकर फसल बोई गई थी। साथ ही वहां अवैध रूप से पालतू पशु चराए जा रहे थे और गड्डे खोदने का कार्य भी किया जा रहा था। टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुल 10.125 हैक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस अभियान में बीट प्रभारी डी.एस. चौहान नयापुरा, नरेंद्र सिंह राजपूत रफीगंज, महेंद्र सिंह राजपूत, अमर सिंह रावत सिराडी और वन सुरक्षा श्रमिकों की अहम भूमिका रही। वन परिक्षेत्राधिकारी ने बताया कि वन क्षेत्र में अतिक्रमण न हो इसके लिए विभागीय दल द्वारा निरंतर गश्त की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय वन भूमि को सुरक्षित रखना विभाग की प्राथमिकता है और इस तरह की अतिक्रमण विरोधी मुहिम लगातार जारी रहेगी।





