अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में ग्राम पचौला निवासी गोपाल प्रसाद ने गल्ला पर्ची में बीपीएल क्रमांक दर्ज कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। हरदा निवासी आयुष शुक्ला ने ग्राम पचौला में वन भूमि पर अतिक्रमण के संबंध में शिकायत की, जिस पर वनमंडलाधिकारी हरदा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम गोंदागांवखुर्द के ग्रामीणों ने गांव में बंदरों के आतंक की समस्या को लेकर आवेदन दिया। इस पर वनमंडलाधिकारी को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। ग्राम गेंदाढाना निवासी अमरसिंह एवं बिच्छापुर निवासी कोमलबाई ने खेती के लिए खाद नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उप संचालक कृषि को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दतिया निवासी नैनसी सोलंकी ने उत्कृष्ट विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रवेश दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी को छात्रा की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं

0 Views



