-साबूदाने की खिचड़ी की प्रसादी लेने बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
-युवाओं ने संभाली आयोजन की व्यवस्था
अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम के वार्ड नंबर 14 स्थित मालीपुर में नवयुवक दुर्गा उत्सव समिति की ओर से शनिवार रात महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को साबूदाने की खिचड़ी की महाप्रसादी वितरित की गई। आयोजन में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। नवरात्रि उत्सव के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में माता रानी की आरती के लिए बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। विधि-विधान से महाआरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं को साबूदाने की खिचड़ी की प्रसादी वितरित की गई। प्रसादी ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। समिति के युवाओं ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। धार्मिक आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।







