विश्व कैंसर दिवस पर सीहोर में मुख रोग जांच, कई संदिग्ध मरीज चिन्हित

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, सीहोर। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिला सीहोर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान लगभग 70 से 80 लोगों के मुख की जांच की गई। परीक्षण में 8 से 10 व्यक्तियों में कैंसर की प्रारंभिक अवस्था से पूर्व के घाव पाए गए, जिन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। शिविर में विशेष रूप से तंबाकू सेवन और धूम्रपान करने वाले लोगों को परामर्श दिया गया। उन्हें तंबाकू छोड़ने से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई तथा नशा त्यागने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में दंत रोग विशेषज्ञ एवं जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ. नेहा सिंह द्वारा विस्तार से मुख परीक्षण किया गया। वहीं उमंग परामर्शदाता ममतेश राठौर ने उपस्थित लोगों को तंबाकू और धूम्रपान की आदत छोड़ने के सरल एवं प्रभावी उपाय बताए। मरीजों को नशा मुक्ति में सहायता के लिए निकोटीन विकल्प चिकित्सा अंतर्गत 2 मिलीग्राम एवं 4 मिलीग्राम की गोलियां भी उपलब्ध कराई गईं। दवाइयों का वितरण जिला अधिकारी की उपस्थिति में किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच और तंबाकू त्याग से मुख कैंसर को प्रारंभिक अवस्था में ही रोका जा सकता है। इस प्रकार के शिविर जनजागरूकता और रोग रोकथाम की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Views Today: 2

Total Views: 128

Leave a Reply

error: Content is protected !!