-मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअली शामिल होंगे
अनोखा तीर, खंडवा। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन खंडवा के सहयोग से राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह आज पुलिस परेड ग्राउंड, खंडवा में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष 28वां राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान गीत लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले मुंबई के प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी को प्रदान किया जाएगा। समारोह का आयोजन शाम 7 बजे होगा। समारोह में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के मंत्री तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी अध्यक्षता करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल होंगे। इस अवसर पर मंत्री कुंवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक नारायण पटेल, विधायक कंचन तनवे, विधायक छाया गोविंद मोरे, महापौर अमृता यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेडे की उपस्थिति रहेगी। समाजसेवी और किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 1997 से संस्कृति विभाग द्वारा लगातार प्रदान किया जा रहा है। अब तक यह पुरस्कार 27 विभूतियों को दिया जा चुका है। पुरस्कार के अंतर्गत पांच लाख रुपए की कर मुक्त राशि, शाल, श्रीफल और सम्मान पट्टिका प्रदान की जाती है। यह सम्मान अभिनय, पटकथा लेखन, गीत लेखन और निर्देशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलाकारों को दिया जाता है। अलंकरण के बाद मुंबई के हेमंत कुमार म्यूजिकल ग्रुप द्वारा किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी। संगीत के साधक और कलाप्रेमी श्रोताओं के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। समाजसेवी सुनील जैन ने कहा कि यह पुरस्कार न केवल कलाकारों को मान्यता देने का अवसर है, बल्कि महान गायक किशोर कुमार की स्मृति को भी जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
Views Today: 8
Total Views: 340

