अनोखा तीर, हरदा। सकल हिंदू समाज के लोगों ने शुक्रवार को आरटीआई कार्यकर्ता आनंद जाट के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग नेहरू स्टेडियम में इक_ा हुए और रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया ने आनंद जाट पर आरोप लगाते हुए कहा कि आनंद ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी की है और उन्हें व उनके पति को ब्लैकमेल कर 5 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि पहले आनंद ने भाजपा पार्षद बिंदु गुर्जर पर झूठे आरोप भी लगाए थे। समाज के सदस्यों का कहना है कि आनंद जाट सोशल मीडिया पर गलत माहौल बना रहा है। उन पर आरोप है कि वे वैदिक विद्यापीठम के संघ से जुड़े पूर्व प्रचारक निरंजन शर्मा की छवि खराब कर रहे हैं और व्यापारियों को ब्लैकमेल कर रहे हैं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर मुकाती ने कहा कि ऐसे लोगों से समाज में डर का माहौल बन रहा है। इस दौरान वार्ड पार्षद बिंदु विनोद गुर्जर एवं समाजसेवी प्रहलाद पटेल ने भी आनंद जाट पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी गतिविधियों की बात कही। वहीं, दो दिन पहले आनंद जाट और उनकी पत्नी सोनम धामा ने पुलिस पर झूठे आरोपों में फंसाने का आरोप लगाया था।

आनंद जाट को जिला बदर करने का नोटिस
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सिध्दार्थ जैन ने पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे के प्रतिवेदन पर आपाराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हरदा निवासी आनंद दीपचंद जाट को मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिला बदर करने का नोटिस जारी किया है। संबंधित को कलेक्टर न्यायालय में कारण सहित लिखित उत्तर नियत दिनांक को नियत समय पर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। नियत दिनांक तक जबाव प्रस्तुत न करने की दशा में एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकेगी।
Views Today: 6
Total Views: 632

