पुल पर मिली बाइक और दो जोड़ चप्पल, पिता-पुत्र के नर्मदा नदी में कूदने की आशंका

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

पुलिस के अनुसार लापता पिता और पुत्र को अंतिम बार धामनोद में किसी के साथ देखा गया था। इसके बाद उनका पता नहीं चला। परिजनों से मिली गुमशुदगी की जानकारी के बाद दोनों की नर्मदा नदी में सर्चिंग की जा रही है। अभी स्‍पष्‍ट तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता।

मंडलेश्वर:-मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के पुल से पिता-पुत्र के नर्मदा नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। दोनों की बाइक पुल पर खड़ी की है और चप्पलें भी पड़ी हैं। इसके चलते एनडीआरएफ की टीम व गोताखोर नर्मदा नदी में सर्चिंग कर रहे हैं। पिता – पुत्र धार जिले के निवासी हैं।

सूचना पर मौके पर पहुंची थी पुलिस

टीआइ दीपक यादव ने बताया कि सोमवार रात को नर्मदा पुल पर एक लावारिस बाइक की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौका स्थल पर पहुंची। जहां उन्हें बाइक, दो जोड़ चप्पल, मतदाता परिचय पत्र भी मिला, जो ग्राम मेहगांव जिला धार निवासी शशांक दुबे का था।

स्‍वजन पहुंचे मंडलेश्‍वर थाना

पुल पर मिली सामग्री पुलिस ने जब्त कर तहकीकात शुरू की। रात में ही शशांक दुबे के स्वजन ढूंढते हुए मंडलेश्वर थाना पहुंचे और थाना प्रभारी दीपक यादव से मिले। थाना प्रभारी ने बताया कि स्वजन के बताए अनुसार अजय दुबे एवं शशांक दुबे दोनों निवासी मेहगांव जिला धार लापता हैं। दोनो पिता-पुत्र हैं।

साथ में अंतिम बार धामनोद में देखे गए थे

पिता अजय दुबे की उम्र लगभग 50 वर्ष है ,वहीं पुत्र शशांक दुबे की उम्र 23 वर्ष है। दोनों को साथ में अंतिम बार सोमवार दोपहर दो बजे के आसपास धामनोद में देखा गया था। उनके वाहन एवं चप्पल की तस्दीक परिजनों ने की है। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि संभवतय: दोनों ने नर्मदा में छलांग लगा दी है।

घटना का कोई प्रत्‍यक्षदर्शी नहीं

इस घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है इसलिए सिर्फ अंदेशा व्यक्त किया जा सकता है। थाना प्रभारी ने बताया कि मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने नर्मदा में सर्चिंग शुरू कर दी है। मंडलेश्वर घाट से नर्मदा पुल तक एनडीआरएफ टीम ने गहन सर्चिंग की है।

सर्चिंग में अभी कुछ नहीं मिला

थाना प्रभारी के अनुसार अभी कुछ भी हाथ नहीं लगा है। इसलिए कुछ भी कहना मुश्किल है। दोपहर में घाट से महेश्वर तरफ सर्चिंग की जाएगी। अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रहे हैं। दोनों को आखरी बार धामनोद में किसी परिचित ने देखा था। इसलिए गुमशुदगी धामनोद थाने में दर्ज होगी। इसकी जानकारी परिजनों को दे दी गई है।

Views Today: 2

Total Views: 246

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!