7 हजार एकड़ जंगल काटकर फसल उगाई

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर,खंडवा। सोमवार को वन विभाग ने जंगल की जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने की बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग की टीम जंगल की 7 हजार एकड़ जमीन पर उगाई गई सोयाबीन और मक्का की फसल को हटाने की कार्रवाई की। ये फसल जंगल पर कब्जा करने वाले माफिया ने उगाई थी। सोमवार सुबह करीब 8 बजे से वन विभाग की टीम नाहरमाल सेक्टर के जंगल पहुंची और वहां अवैध रूप से उगाई गई फसलों पर जेसीबी चलवाई। मौके पर राजस्व और पुलिस अफसरों के साथ 400 जवानों का फोर्स भी तैनात रहा। कब्जा हटा रही टीम को बारिश की वजह से दिक्कत भी आ रही है। जमीन को पूरी तरह कब्जा मुक्त करने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। फसल को ट्रैक्टर चलाकर रौंदा जा रहा है। खेत बन चुके जंगल में जेसीबी मशीनों से खंतियां और गड्ढे खोदे जा रहे हैं, ताकि दोबारा खेती नहीं की जा सके। माफिया ने जंगल की जमीन को खेत बनाकर फसल उगा दी। जिसके बाद वन विभाग के अमले ट्रैक्टर चलाकर फसल को नष्ट किया।
10 हजार एकड़ जंगल पर है माफिया का कब्जा
खंडवा जिले में करीब 10 हजार एकड़ जंगल पर माफिया का कब्जा है। सबसे ज्यादा अतिक्रमण नाहरमाल में ही है। यहां दो साल पहले 7 हजार एकड़ के जंगल को खेत बना दिया गया। माफिया ने इस साल सोयाबीन और मक्का की फसल लगाई है। नाहरमाल के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी, वहीं वन विभाग भी अपने स्तर पर माफिया को खदेड़ने की योजना बना रहा था। अब जाकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई करने के लिए वन विभाग की टीम राजस्व विभाग के अफसरों समेत करीब 400 जवानों के साथ मौके पर पहुंची। यही वजह है कि कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारी भी सामने नहीं आए। ग्रामीणों ने प्रशासन का सहयोग करते हुए ट्रैक्टर उपलब्ध कराए हैं। डीएफओ राकेश डामोर, एसडीएम बजरंग बहादुर, फॉरेस्ट एसडीओ संदीप वास्कले, तहसीलदार महेश सोलंकी मौके पर मौजूद हैं।

Views Today: 2

Total Views: 384

Leave a Reply

error: Content is protected !!