अनोखा तीर, हरदा। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार हरदा जिले के दोनों विधानसभाओं में प्रत्येक बूथ पर 13 मार्च से 22 मार्च तक बूथ विजय के संकल्प को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला मीडिया प्रभारी दीपक नेमा ने बताया कि आज भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय कमल कुंज में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने आगामी कार्यक्रमों पर पत्रकार बंधुओ को संबोधित किया। जिसमें बूथ विजय अभियान के प्रवास एवं करणी कार्यों पर अपनी बात रखी गई। बूथ में निवास करने वाले सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता बूथ समिति, पन्ना प्रमुखों की बैठकें आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रवास का उद्देश्य प्रत्येक मतदान केंद्र पर 370 वोट की वृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त करना होगा। बूथ पर निवास करने वाले सभी जनप्रतिनिधि वर्तमान एवं पूर्व के साथ-साथ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संपर्क एवं अन्य दलों के कार्यकर्ताओं से भी संपर्क करते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लाने हेतु विचार विमर्श किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं जनजाति बस्ती में संपर्क अभियान चलाकर सरकार की योजनाओं के माध्यम से लाभार्थियों से संपर्क, युवाओं से संपर्क, महिला लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा। मतदान केंद्र पर स्थित मंदिर मठ आश्रम धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थान पर स्वच्छता अभियान चलाए एवं वहां पर निवासी आम जनता से संवाद किया जाएगा। किसानों के बीच चौपाल कार्यक्रम एवं नगरों में व्यापारियों से चर्चा की जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्र प्रवास हेतु जिले में सभी मतदान केंद्र पर एक-एक कार्यकर्ता को जवाबदारी दी जाएगी। यह कार्यकर्ता 13 से 22 मार्च के बीच 10 दिन में प्रतिदिन 2 घंटे मतदान केंद्र पर अपना समयदान करेंगे। आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टि से यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी को मतदान केंद्र पर 370 अधिक मत का लक्ष्य हासिल करने में मददगार साबित होंगे।

