योजनाओं का लाभ दिलाने पूरी सरकार आपकी ग्राम पंचायत में आई : राज्यपाल

 

अनोखा तीर, देवास। जिले की ग्राम पंचायत गंधर्वपुरी में विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत कार्यक्रम राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम पंचायत गंधर्वपुरी में आयोजित शिविर में कहा कि योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को सरकार आपके द्वार पहुंचकर लाभान्वित कर रही है। आज पूरी सरकार ग्राम में आकर हितग्राहियों को लाभान्वित करने का कार्य कर रही है। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि केन्द्र और राज्य शासन द्वारा समाज के सभी वर्गों के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पहले योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों को कार्यालयों में जाना पड़ता था। लेकिन अब संकल्प यात्रा के माध्यम से अधिकारी स्वयं नागरिकों के पास पहुंचकर आवेदन प्राप्त कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जहां पक्के मकान बनाए जा रहे हैं, वहीं गरीब व्यक्तियों को नि:शुल्क 5 लाख तक का इलाज आयुष्मान भारत निरामय योजना के माध्यम से दिया जा रहा है। 2047 तक विकसित भारत बनाना है। इसमें हम सभी का योगदान आवश्यक है। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि योजनाओं के लाभ के लिए घूमना पड़ता था। लेकिन केंद्र सरकार द्वारा संपूर्ण भारत में यात्रा निकाली जा रही है। देवास में 50 प्रतिशत ग्रामों में यात्रा निकाली गई है। देश भविष्य की ओर बढ़ रहा है। स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। मध्यप्रदेश में 16 दिसंबर से विकसित भारत संकल्प यात्रा जारी है। ऐसे जरूरतमंद और पात्र नागरिक, जो किन्हीं कारणों से शासन की योजनाओं के हितलाभ से वंचित रह गए हैं, उन तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनके जीवन में खुशहाली लाना ही विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। राज्यपाल श्री पटेल द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। विकसित भारत संकल्प यात्रा पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। राज्यपाल श्री पटेल ने गंधर्वपुरी में पुरातत्व संग्रहालय का अवलोकन किया वहां पर प्राचीन मूर्तियों को देखा और संबंधितों से जानकारी ली। कार्यक्रम में सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी ने कहा कि विकसित भारत के सपने को हम सबको मिलकर पूरा करना है। विकसित भारत संकल्प यात्रा में जिले के हजारों हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। इस यात्रा के माध्यम से निचले स्तर से लेकर पंचायत स्तर एवं शहरी क्षेत्र में वार्डों के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की मंशानुसार योजनाओं का लाभ सभी हितग्राहियों को निचले स्तर तक प्राप्त हो, इसके लिए संकल्प यात्रा मील का पत्थर साबित हो रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य घर-घर तक योजनाओं को पहुंचना है। विधायक सोनकच्छ डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि गौरव की बात है कि गंधर्वपुरी में विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत शिविर आयोजित हुआ है। गंधर्वपुरी की प्राचीन पहचान है, यहां 11वीं 12वीं 13वीं शताब्दी के धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के अवशेष मिलते हैं। सरकार नागरिकों के सपनों को पूर्ण करने का कार्य कर रही है। जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। आने वाले समय में देश विकासशील नहीं विकसित देश कहलाएगा।

स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी

ग्राम पंचायत गंधर्वपुरी में विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, कृषि, महिला बाल विकास, आयुष, उद्यानिकी, आधार अपडेशन सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल्स लगाए गए और विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ लाभान्वित भी किया गया।

शपथ भी दिलाई

राज्यपाल श्री पटेल ने उपस्थित जन-प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, नागरिकों को वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने, गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेकने, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करने, भारत की एकता को सुदृढ़ करने और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने तथा नागरिक कर्तव्य निभाने की शपथ भी दिलाई।

हितग्राहियों ने सुनाए अपने अनुभव

कार्यक्रम में विभिन्न योजना के हितग्राहियों ने अपने अनुभव सुनाए। हितग्राही श्रीमती गुलाब बाई ने कहा की आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उनकी जीवन बदल गया है। वह 2018 में आजीविका मिशन से जुड़ी है उनके संगठन में 52 समूह हैं। प्रत्येक समूह को 20 हजार का लोन मिला है। इस प्रकार 1 करोड़ 96 लाख का बैंक लिंकेज हुआ है। हमारे लिए गर्व की बात है कि आज राज्यपाल महोदय हमारे ग्राम में पधारे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने वाली श्रीमती राजकुवर, किसान सम्मान निधि प्राप्त कर रहे किसान भगवान भारती और आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने वाले हितग्राही अर्जुन कुशवाह ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, बागली विधायक मुरली भंवरा, देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, डीएफओ प्रदीप मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम संदीप शिवा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Views Today: 2

Total Views: 20

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!