Skip to content
Thursday, 5 November 2026
भोपाल

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने ग्वालियर एवं भिण्ड में किया मतगणना केन्द्र का निरीक्षण

3 min read
Text Size:

भोपाल- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने ग्वालियर और भिंड जिले में बनाए गए मतगणना केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना को लेकर दोनों जिलों में की जा रही तैयारियों का मुआयना किया और संबंधित कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 3 दिसम्बर को सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होगी। आधा घंटे बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती शुरू की जायेगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज पहुँचकर ग्वालियर जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना की तैयारियों का अवलोकन किया। राजनैतिक दलों एवं प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर उनके साथ ईवीएम स्ट्राँग रूम का निरीक्षण किया। राजनैतिक दलों एवं प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन से कहा कि स्ट्राँग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वे पूरी तरह संतुष्ट है। सीसीटीव्ही कैमरे और एलईडी स्क्रीन से 24 घंटे वे स्ट्रांग रूम को देख रख रहे हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने ईवीएम एवं डाक मतपत्र गिनने के लिये लगाईं गई टेबल, स्ट्राँग रूम से मतगणना कक्ष तक ईवीएम पहुँचाने के लिये बनाए गए अलग-अलग कारिडोर, प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं की बैठक व्यवस्था, मतगणना परिसर में प्रवेश तथा मीडिया सेंटर सहित मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए मतगणना सम्पन्न कराएँ। अनुपम राजन ने कहा कि डाक मतपत्रों की गिनती तेजी से हो सके, इसके लिये भारत निर्वाचन आयोग ने टेबल बढ़ाने की अनुमति दे दी है। एमएलबी कॉलेज में हर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती के लिये दो–दो गणना कक्ष बनाए गए हैं।

कमिश्नर ग्वालियर दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ग्वालियर रेन्ज डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल सहित अधिकारी मौजूद थे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने भिण्ड के आईटीआई परिसर में बनाये गये मतगणना स्थल पहुंचकर निरीक्षण किया और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था, स्ट्रॉन्ग रूम के बारे में जानकारी प्राप्त की।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए मतगणना कक्षों में जाकर तैयारियों का निरीक्षण किया। साथ ही डाक मतपत्रों की गणना के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को भी देखा एवं मतगणना टेबल, मतगणना कार्य में लगे अमले की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी ली।

अनुपम राजन ने मतगणना स्थल पर स्ट्रांग रूम की सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी के लिये बनायी गई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुचारू रहें, किसी भी वजह से मतगणना प्रभावित नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाये। मतगणना स्थल के निरीक्षण के बाद जिला कोषालय के स्ट्रांग रूम का अवलोकन कर डाक मतपत्र की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

कमिश्नर चम्बल संभाग दीपक सिंह, आईजी चम्बल सुशांत कुमार सक्सेना, डीआईजी कुमार सौरभ, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक असित यादव, सीईओ जिला पंचायत मनोज सरियाम सहित अधिकारी उपस्थित थे।

96 Views
What do you think?

Leave a Reply